Noida News: मंगलवार को हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं कई जगहों पर यह आफत बनकर सामने आई। नोएडा के सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास बारिश के बीच अचानक डिवाइडर भरभराकर गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। डिवाइडर गिरने से हड़कंप जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पिलर के नीचे बना डिवाइडर अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसीपी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। संबंधित थाने के एसएचओ भी मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभालने में जुट गए। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर डिवाइडर गिरने के कारणों और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। बारिश से दिल्ली-NCR में जलभराव मंगलवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में बारिश के चलते कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई। दिल्ली के सदर बाजार समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव ने मुश्किलें बढ़ा दीं। NH-8 पर लगा लंबा जाम लगातार बारिश के चलते दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। जनपथ रोड, शंकर विहार और आसपास के इलाकों में पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग-8 (NH-8) पर भी लंबा जाम देखने को मिला। ग्रेटर नोएडा का इकोटेक-3 फिर डूबा तेज बारिश ने ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3 में एक बार फिर जलभराव की समस्या खड़ी कर दी। सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे कई उद्योग प्रभावित हुए। कुछ जगहों पर पानी फैक्ट्रियों के अंदर तक पहुंच गया। उद्यमियों का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए प्राधिकरण ने करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन हालात में खास सुधार नहीं हुआ। 9 जुलाई की बारिश के बाद नालों की सफाई भी कराई गई थी, बावजूद इसके मंगलवार की बारिश में फिर वही स्थिति देखने को मिली। जलभराव से परेशानी जलभराव के कारण कर्मचारियों और उद्यमियों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। कई वाहन पानी में फंस गए और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सुधारने में जुटे हैं। ये भी पढ़ें: नोएडा में बारिश का असर, राहत के साथ जलभराव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी