Noida News: नोएडा में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सोमवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शहर के प्रमुख कांवड़ शिविरों और चिल्ला बॉर्डर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में ठहरे शिव भक्तों से बातचीत की और उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। शनि मंदिर पहुंचीं कमिश्नर पुलिस कमिश्नर सबसे पहले नोएडा के शनि मंदिर क्षेत्र पहुंचीं, जहां बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री ठहरे हुए हैं। दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले कई शिव भक्त यहां रुककर आगे की यात्रा कर रहे हैं। लक्ष्मी सिंह ने शिविरों में मौजूद श्रद्धालुओं का हाल जाना और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 4 हजार जवान तैनात इसके बाद उन्होंने चिल्ला बॉर्डर का भी निरीक्षण किया। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बॉर्डर और प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए जिले में करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर 34 अतिरिक्त पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। पुलिस शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रख रही है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों की कोशिश है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे। डीएम- कमिश्नर मैदान में पुलिस कमिश्नर के साथ जॉइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र और डीसीपी साद मिया खान समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने भी कांवड़ शिविरों में पहुंचकर शिव भक्तों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और पुलिस कमिश्नर के एक साथ मैदान में उतरने से साफ है कि प्रशासन कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहता। ये भी पढ़ें: अंतिम दौर में कांवड़ यात्रा, भगवा रंग में रंगा हाईवे, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा लखनऊ-दिल्ली मार्ग