उत्तर प्रदेशनोएडा

दिल्ली-नोएडा के बीच जाम का झंझट होगा खत्म! चिल्ला एलिवेटेड रोड का 70% काम पूरा, जानिए कब शुरू होगा सफर

दिल्ली-नोएडा के बीच जाम से राहत की उम्मीद बढ़ी! चिल्ला एलिवेटेड रोड का 70% काम पूरा, जून-जुलाई 2027 तक शुरू हो सकता है सफर।

Chilla Elevated Road: दिल्ली से नोएडा और ग्रेटर नोएडा आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए राहत की उम्मीद बढ़ गई है। चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और परियोजना का 70 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। करीब 892.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह सड़क जून-जुलाई 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने के बाद चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर के बीच लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

5.57 किलोमीटर लंबी होगी एलिवेटेड रोड

चिल्ला एलिवेटेड रोड की लंबाई करीब 5.57 किलोमीटर होगी। छह लेन की इस सड़क का उद्देश्य दिल्ली से आने वाले वाहनों को सीधे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से जोड़ना है। फिलहाल दिल्ली से नोएडा पहुंचने वाले वाहन चालकों को चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर तक कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है।

सुबह और शाम के व्यस्त समय में इस मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में यात्रियों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। एलिवेटेड रोड शुरू होने के बाद वाहन चालकों को नीचे की सड़कों पर मौजूद ट्रैफिक से काफी हद तक छुटकारा मिल सकता है। इससे ग्रेटर नोएडा के साथ आगरा, लखनऊ और कानपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

पिलर से लेकर ढांचे तक कितना काम पूरा?

परियोजना की निर्माण रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 1567 पाइल्स में से करीब 1350 का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं, 271 पाइल कैप में से 230 तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा कुल 271 पियर शाफ्ट में से 140 का निर्माण पूरा हो गया है।

ये सभी काम एलिवेटेड रोड के मुख्य ढांचे को तैयार करने के लिए किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना की भौतिक प्रगति 70 प्रतिशत से ज्यादा पहुंच चुकी है, जबकि वित्तीय प्रगति करीब 50 प्रतिशत दर्ज की गई है। यानी निर्माण के लिहाज से परियोजना ने अच्छी रफ्तार पकड़ी है, लेकिन अभी कुछ अहम काम बाकी हैं।

जून-जुलाई 2027 में मिल सकती है राहत

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह के मुताबिक, चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। परियोजना को पहले दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब इसे जून-जुलाई 2027 तक तैयार करने की कोशिश की जा रही है।

अगर निर्माण कार्य तय समय पर पूरा हो जाता है और इसके बाद यातायात शुरू कर दिया जाता है, तो दिल्ली और नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, जाम से कितनी राहत मिलेगी और सफर का समय कितना कम होगा, इसका वास्तविक आकलन एलिवेटेड रोड शुरू होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल इस परियोजना पर लाखों वाहन चालकों की नजरें टिकी हैं।

रिपोर्ट- सुमित राजपूत

ये भी पढ़ें: बेटी की शादी से पहले घर में मचा कोहराम! सिलेंडर ब्लास्ट में पिता-पुत्र की मौत, पत्नी घायल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »