Noida Murder: ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नौ साल पहले प्रेम विवाह करने वाले पति पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी पति मौके से फरार बताया जा रहा है। 9 साल के प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत जानकारी के अनुसार, दादरी के जारचा रोड स्थित लक्ष्मीनगर में रहने वाले मोहित और कविता ने करीब 9 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों अपने दो बच्चों के साथ घर में रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि तड़के करीब चार बजे मोहित ने पत्नी कविता का दुपट्टे से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दी जानकारी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतका के शरीर और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि घटना से कुछ घंटे पहले कविता घर लौटी थी। इसके बाद रात में घर के भीतर क्या हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। दर्दनाक अपराध एक समय प्रेम विवाह के रूप में शुरू हुआ यह रिश्ता आखिरकार एक दर्दनाक अपराध में बदल गया। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। ये भी पढ़ें: Noida Live Accident: हाईराइज सोसाइटी में खौफनाक हादसा: बेसमेंट पार्किंग में कार ने मां-बेटी को रौंदा