नोएडाभारत

दिल्ली-NCR में बारिश का कहर! महिपालपुर से गुरुग्राम तक जलभराव, सड़कें बनीं तालाब

दिल्ली-NCR में लगातार बारिश से महिपालपुर और गुरुग्राम में जलभराव, सड़कें तालाब बनीं। प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की।

Reported by himanshu singh and edited by Shagun Chaurasia

Weather Update: राजधानी दिल्ली और NCR में बारिश ने एक बार फिर जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। दिल्ली के महिपालपुर गोल चक्कर से लेकर गुरुग्राम के कई इलाकों तक सड़कें पानी से लबालब नजर आईं। हालात ऐसे रहे कि कई जगहों की तस्वीरें देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया कि ये राजधानी का इलाका है या किसी ग्रामीण क्षेत्र में बाढ़ का मंजर।

महिपालपुर में सड़कें जलमग्न

दिल्ली में लगातार बारिश के कारण महिपालपुर गोल चक्कर के आसपास भारी जलभराव देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर पानी जमा होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के साथ जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।

गुरुग्राम में फिर बिगड़े हालात

गुरुग्राम में सुबह से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। एमजी रोड और मॉल एरिया के आसपास भी पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई। जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर*गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि खराब मौसम के दौरान लोग सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलें। कुछ दिन पहले केंद्रीय राज्य मंत्री ने भी गुरुग्राम में जलभराव की स्थिति पर खेद जताया था। इसके बावजूद एक बार फिर कई इलाकों में पानी भरने से व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

दिल्ली में दूसरे दिन भी झमाझम बारिश

भादो महीने में दिल्ली में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी है। सुबह हल्की बारिश के बाद कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। कटवारिया सराय में गरज के साथ झमाझम बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने और कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में जलभराव की समस्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

एक दिन पहले भी बिगड़े थे हालात

इससे पहले हुई बारिश के बाद दिल्ली एयरपोर्ट समेत एनसीआर के कई हिस्सों में जलभराव की तस्वीरें सामने आई थीं। अब लगातार दूसरे दिन बारिश होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली और गुरुग्राम में बारिश के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर मौसम का दौर इसी तरह जारी रहा, तो क्या जलभराव से निपटने की तैयारियां पर्याप्त साबित होंगी?

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »