उत्तर प्रदेशनोएडा

ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन मंगाया सड़ा नारियल पानी और फल, डॉक्टर की शिकायत पर ‘रिलायंस स्मार्ट स्टोर’ पर छापा

जियो मार्ट ऐप से की थी डिलीवरी, पैकेट खोलते ही आई तेज बदबू; कस्टमर केयर ने की अभद्रता तो पहुंचे खाद्य विभाग, भारी मात्रा में खराब सामान नष्ट; पनीर का सैंपल जब्त।

Reported by India Headlines and edited by Shagun Chaurasia

Uttar Pradesh || Greater Noida || Online Delivery || Reliance Smart: ऑनलाइन ऐप से खाने-पीने का सामान मंगाने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 इलाके में, एक प्रसिद्ध ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के जरिए डॉक्टर को सड़ा हुआ नारियल पानी और खराब फल भेजे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। डॉक्टर की सतर्कता और शिकायत के बाद, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उस बड़े स्टोर पर तुरंत छापा मारा और काफी मात्रा में खराब सामान को वहीं नष्ट करवा दिया।

खोलते ही पैकेट से सड़ी हुई बदबू आई

जानकारी के अनुसार, बीटा-1 में रहने वाले डॉक्टर जितेंद्र ने ‘जियो मार्ट’ ऐप से घर पर नारियल पानी और फल मंगवाए थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने डिलीवरी का पैकेट खोला, उसमें से एक बहुत तेज सड़ी बदबू आने लगी। नारियल पानी का रंग बिल्कुल बदल चुका था और वह काला हो गया था। साथ ही पैकेट में रखे फल भी सड़ चुके थे। डॉक्टर का कहना है कि अगर कोई मासूम या मरीज अनजाने में इसका सेवन कर लेता, तो उनकी जान पर बन सकती थी।

​​मैनेजर ने किया अभद्रता, तो डॉक्टर ने सिखाया सबक

खराब सामान मिलने पर डॉक्टर जितेंद्र ने तुरंत कंपनी के कस्टमर केयर और स्टोर के असिस्टेंट मैनेजर को शिकायत की। आरोप है कि मैनेजर ने पहले सामान बदलने का झूठा आश्वासन दिया, लेकिन बाद में फोन पर डॉक्टर के साथ बेहद अभद्र और अशिष्ट तरीके से बात की। मैनेजर की इस बदतमीजी से नाराज होकर डॉक्टर ने खाद्य सुरक्षा विभाग में लिखित शिकायत कर दी।

​छापेमारी हुई तो खुला सच, नष्ट किया गया सामान

शिकायत मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने बीटा-1 के ‘रिलायंस स्मार्ट स्टोर’ पर अचानक छापा मारा। जांच में पता चला कि स्टोर के अंदर करीब 20 पीस डाभ नारियल और लगभग 30 किलो तरबूज बेहद खराब और सड़ी हुई स्थिति में ग्राहकों को बेचे जाने के लिए रखे थे। टीम ने तुरंत इस पूरे स्टॉक को नष्ट करवा दिया। इसके अलावा स्टोर में बिक रहे पनीर का एक नमूना लेकर लैब (प्रयोगशाला) में भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद स्टोर पर बड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने कई बड़े ब्रांड्स की खाद्य गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़े : निक्की भाटी मौत मामले में बड़ा मोड़: 9 महीने बाद पंचायत ने कराया दोनों पक्षों में समझौता, कंचन लौटेगी ससुराल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »