उत्तर प्रदेश

संतकबीर नगर में पहलवान की निर्मम हत्या, आंखों में मिर्च झोंककर कुल्हाड़ी से काट डाला, मारी गोलियां

संतकबीरनगर के खलीलाबाद में पहलवान ब्रह्मानंद की हत्या। प्रत्यक्षदर्शी भाई ने बताया- वह बाइक लेकर घर से निकले ही थे। तभी घर से 100 मीटर दूर ही हमलावरों ने उनकी आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया और उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के सदर कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र अंतर्गत भगठान गांव में 35 वर्षीय जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की निर्मम हत्या के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला बयान सामने आया है। घटना के वक्त मौके पर मौजूद पहलवान ब्रह्मानंद के भाई ने पूरी आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके भाई को घेरकर पहले आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, फिर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से काटकर गोलियां बरसा दीं।

क्या है पूरा मामला ?

संतकबीर नगर में मंगलवार शाम 35 साल के पहलवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह बाइक लेकर घर से निकले ही थे। तभी घर से 100 मीटर दूर ही हमलावरों ने उनकी आंख में मिर्च पाउडर झोंक दी। पहलवान जैसे ही बाइक से गिरे, हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पहलवान के परिवार वाले मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग निकले। परिवार के लोग घायल बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया। घटना शाम 5.30 बजे जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर खलीलाबाद के भगठान गोसाईपुर गांव की है।

रास्ते में घात लगाकर बैठे थे हमलावर

पहलवान ब्रह्मानंद के चश्मदीद भाई ने घटना के समय की पूरी दास्तान बयान करते हुए बताया, “हमारा भाई जानवरों के लिए चोकर और दाना लेने जा रहा था। रास्ते में गांव के ही हमलावर घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही वह पहुंचा, हमलावरों ने उसकी आंखों में पिसी मिर्च पाउडर फेंक दिया। मिर्ची पड़ते ही वह असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़ा।

पहले कुल्हाड़ी से काटा, फिर मारी गोलियां

प्रत्यक्षदर्शी भाई के मुताबिक, बाइक से गिरते ही हमलावरों ने उसे दौड़ा लिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए नामजद करते हुए बताया कि राकेश, बलिराम, अजय, करिया, अभिमन्यु, मानसिंह, छठीर और उनके साथ 7-8 अन्य अज्ञात लोगों ने मिलकर ब्रह्मानंद पर टांगी, कुल्हाड़ी व धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। भाई का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने ब्रह्मानंद पर गोली भी चलाई, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।

मोबाइल में बनाया वारदात का वीडियो

भाई रामानंद यादव ने बताया कि जब वे अपने भाई को बचाने और उठाने के लिए आगे बढ़े, तो हमलावरों ने उन पर भी फायरिंग कर दी, जिससे उन्हें पीछे हटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने दूर हटकर अपने मोबाइल से इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची 112 नंबर की पुलिस गाड़ी ब्रह्मानंद को उनके घर लेकर आई, जहां से परिजन उन्हें प्राइवेट गाड़ी से कोतवाली और फिर जिला अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुराने विवाद के चलते हुई हत्या

घटना के पीछे की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और चुनावी रंजिश बताई जा रही है। मृतक के भाई ने बताया कि इसी साल 18 मई को पाटीदारों के साथ आपस में विवाद व झगड़ा हुआ था, जिसका केस-मुकदमा अदालत में चल रहा था। इसी पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर रंजिश रख रहे दबंगों ने मौका पाकर घात लगाया और उनके भाई की जान ले ली।

पुलिस सुन लेती तो ब्रह्मानंद जिंदा होता- मृतक का भाई

भाई रामानंद यादव ने बताया कि आरोपियों ने उनके भाई के पैर में गोली मारी, ताकि वह भाग न पाएं। जब वह अपने भाई को उठाने के लिए मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया। पुलिस के पहुंचने के बाद वह मौके से निकल सके। 18 मई को भी हमलावरों ने रंजिश के चलते मारपीट की थी। दोनों तरफ से क्रॉस केस दर्ज हुआ था। रामानंद ने आगे कहा- हम लोगों ने मगहर पुलिस चौकी पर सूचना भी दी थी कि आरोपी घात लगाकर बैठे रहते हैं। लेकिन पुलिस ने शिकायत पर ध्यान ही नहीं दिया। आज मेरे भाई ब्रह्मानंद की हत्या कर दी गई। हम लोगों की मांग है कि आरोपियों का एनकाउंटर हो। उनके घरों पर बुलडोजर भी चलना चाहिए।

परिजनों ने खलीलाबाद बाईपास पर किया प्रदर्शन

पहलवान ब्रह्मानंद की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने खलीलाबाद बाईपास पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, मामले पर संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि चुनावी रंजिश और पाटीदारों के आपसी विवाद में यह वारदात हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ संदिग्धों को कस्टडी में ले लिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 विशेष टीमें गठित की गई हैं।

ये भी पढ़ें: UP में आधी रात कमांडो एक्शन: ट्रिपल मर्डर के आरोपी को पुलिस ने किया ढेर, एक मासूम की भी मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »