UP International Trade Show: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आज से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का आगाज होने जा रहा है। पांच दिन तक चलने वाला यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 2400 से ज्यादा प्रदर्शक इस बार ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के कारोबारियों, एमएसएमई, निर्माताओं और निर्यातकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। आयोजन में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। इनके जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के उत्पादों और सेवाओं को देश-विदेश के खरीदारों के सामने पेश किया जाएगा। 85 देशों से आएंगे खरीदार UPITS के इस संस्करण में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी खास रहने वाली है। 85 देशों से 550 से ज्यादा विदेशी खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा करीब साढ़े चार लाख आम दर्शकों के ट्रेड शो में आने का अनुमान है। ऐसे में आयोजन कारोबार के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। 6 देश होंगे पार्टनर इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देशों के तौर पर शामिल हो रहे हैं। इन देशों की भागीदारी के जरिए उत्तर प्रदेश के कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, निवेश और संभावित कारोबारी साझेदारियों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इन सेक्टरों पर रहेगी नजर ट्रेड शो में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, डिफेंस, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, फार्मा, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी समेत कई क्षेत्रों की झलक देखने को मिलेगी। प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और नए उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए यह मंच अहम माना जा रहा है। ODOP के साथ दिखेगा ‘वन डिस्ट्रिक्ट इस बार वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) के साथ वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को भी प्रमुखता दी गई है। यानी जिलों के खास उत्पादों के साथ वहां के पारंपरिक व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। 5 दिनों तक चलने वाला UPITS कारोबार, निवेश और निर्यात के साथ यूपी के स्थानीय उत्पादों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा। ये भी पढ़ें: नोएडा में EV चालकों की टेंशन होगी खत्म! 30 जगह लगेंगे चार्जिंग स्टेशन, एक साथ 3 वाहन होंगे चार्ज