UP International Trade Show: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक UP International Trade Show 2026 आयोजित होगा। बड़ी संख्या में खरीदारों, उद्यमियों और विशिष्ट मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत यातायात योजना जारी की है। भारी वाहनों की नो-एंट्री ट्रैफिक प्लान के मुताबिक 24 से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास के मार्गों पर HGV, MGV और LGV समेत मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दूध, फल-सब्जी जैसी आवश्यक वस्तुओं और चिकित्सीय सेवाओं वाले वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी गई है। एक्सपो मार्ट पहुंचने के लिए रूट नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड, तिलपता और संबंधित निर्धारित मार्गों से होते हुए पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। सूरजपुर और परीचौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए एलजी गोलचक्कर, भारत गोलचक्कर और नॉलेज पार्क-2 की ओर से मार्ग तय किया गया है। कासना, तिलपता और जीएसटी बंधा की तरफ से आने वाले वाहनों को भी निर्धारित सर्विस रोड और पार्किंग मार्गों से एक्सपो मार्ट तक जाने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी बदलेगा रूट ट्रेड शो खत्म होने के बाद पार्किंग से निकलने वाले वाहन सीधे एक्सपो मार्ट की तरफ नहीं जा सकेंगे। उन्हें एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कच्ची सड़क तिराहा, कुलेसरा, फेस-2, ककराला, सोरखा, पर्थला और किसान चौक जैसे वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को भी शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साकीपुर, तिलपता और दादरी होते हुए NH-24/09 की ओर भेजा जाएगा। 13 वैकल्पिक मार्ग तय विशेष परिस्थितियों में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए कुल 13 वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें चिल्ला बॉर्डर, DND, कालिंदी बॉर्डर, सेक्टर-37, परीचौक, सूरजपुर और ग्रेटर नोएडा से नोएडा जाने वाले प्रमुख मार्ग शामिल हैं। चिल्ला रेड लाइट से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। DND से आने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक, MP-01 और DSC मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहनों के लिए महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-37 की ओर वैकल्पिक मार्ग रहेगा। रूट देखकर घर से निकलें ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ट्रेड शो के दौरान घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और डायवर्जन की जानकारी जरूर देख लें, ताकि सफर के दौरान परेशानी से बचा जा सके। ये भी पढ़ें: गामा-2 में गेट विवाद गरमाया, आरडब्ल्यूए के खिलाफ लोगों का अनोखा प्रदर्शन