उत्तर प्रदेश

अवैध असलहा फैक्ट्री का पर्दाफाश, 14 तमंचा और उपकरण बरामद; 3 गिरफ्तार

थाना जमानियां पुलिस और स्वाट टीम बी ने संयुक्त कार्रवाई में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Ghazipur Crime News: गाजीपुर के जमानिया में पुलिस ने अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 9 देशी तमंचे समेत भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित असलहे और असलहा बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर जमानिया थाना पुलिस और स्वाट टीम ने पुलिया के पास सिंचाई विभाग के खंडहर हुए कमरे में छापेमारी की। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में पन्ना लाल बिंद, मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय और सोनू बिंद शामिल हैं।

सिंचाई विभाग के खंडहर में थी फैक्ट्री

पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक जमानियां योगेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, द्वितीय मोबाइल के उप निरीक्षक मनोज मिश्र और स्वाट टीम बी प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी अपनी टीमों के साथ पांडेयपुर मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सिंचाई विभाग के खंडहर हुए कमरे में अवैध असलहा बनाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पुलिया के बगल में बने के खंडहर हुए कमरे से तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में पन्ना लाल बिन्द (40) निवासी सोईलापुर भूतहिया ताड़, मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय (52) निवासी ताजपुर मांझा और सोनू बिन्द (26) निवासी सकरा है। इस आरोपी पर हत्या, लूट, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं।

9 देशी तमंचे, अर्धनिर्मित तमंचे, 5 कारतूस बरामद

पुलिस ने मौके से 315 बोर के 9 चालू तमंचे, 3 अर्द्धनिर्मित तमंचे, 12 बोर का एक अर्द्धनिर्मित तमंचा, 32 बोर का अर्द्धनिर्मित रिवॉल्वर, पांच जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा पिस्टल की बॉडी, तमंचों की नाल और असलहा बनाने के उपकरण भी मिले हैं। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: संतकबीर नगर में पहलवान की निर्मम हत्या, आंखों में मिर्च झोंककर कुल्हाड़ी से काट डाला, मारी गोलियां

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »