UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों को लेकर चुनावी बिगुल बज गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को पूरा हो रहा है। इसके चलते इन सीटों पर नए सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। इन 11 सीटों में 5 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। किन सीटों पर होगा चुनाव? स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन, वाराणसी डिवीजन, आगरा डिवीजन, मेरठ डिवीजन और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन की सीटों पर चुनाव होगा। 29 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। मतदान के बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। आचार संहिता लागू चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की तैयारियां तेज होने की संभावना है। इन 11 सीटों का चुनाव ऐसे समय हो रहा है, जब यूपी में अगले विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारियां भी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही हैं। ऐसे में विधान परिषद चुनाव पर सभी प्रमुख दलों की नजर रहेगी। ये भी पढ़ें: राज्यसभा की 11 सीटों पर चुनाव का ऐलान, UP की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर 16 अक्टूबर को वोटिंग