Weather in UP: उत्तर प्रदेश में कमजोर मानसून की आशंका के बीच बारिश ने मौसम विभाग के अनुमान को पीछे छोड़ दिया है। जून-जुलाई में अपेक्षाकृत कम बारिश के बाद अगस्त में मानसून ने जोरदार वापसी की और अब प्रदेश में कुल बारिश सामान्य आंकड़े से ऊपर पहुंच गई है। 1 जून से 8 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में कुल 649.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य आंकड़ा 647.3 मिलीमीटर है। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य की 100.3 फीसदी बारिश हो चुकी है। खास बात यह है कि सितंबर का आधे से ज्यादा हिस्सा अभी बाकी है। अगस्त ने पलट दी पूरी तस्वीर मौसम विभाग ने अलनीनो के प्रभाव के चलते मानसून के कमजोर रहने की आशंका जताई थी। शुरुआती महीनों में इसका असर भी नजर आया, लेकिन अगस्त में लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम और कम दबाव के क्षेत्रों ने बारिश का पूरा समीकरण बदल दिया। अगस्त में यूपी में 291.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 235.5 मिलीमीटर मानी जाती है। इस तरह अगस्त में सामान्य से करीब 24 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। यह अगस्त 2018 के बाद सबसे अधिक बारिश वाले अगस्त में दूसरे स्थान पर रहा। अगस्त 2018 में 293.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। जिलों में बारिश की तस्वीर अलग-अलग प्रदेश का औसत आंकड़ा भले ही सामान्य से ऊपर पहुंच गया हो, लेकिन जिलों में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा। चित्रकूट में 1201.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। वहीं दूसरी ओर कुशीनगर में महज 204.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 67 फीसदी कम है। मऊ में भी सामान्य से लगभग 53 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई। सितंबर में अभी बाकी है बड़ा हिस्सा आंकड़ों के मुताबिक यूपी ने अब तक मानसूनी बारिश की कमी पूरी कर ली है। सितंबर में अभी काफी दिन बाकी हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ सकता है। हालांकि, अलग-अलग जिलों में बारिश का असमान वितरण स्थानीय स्तर पर मौसम और जलभराव जैसी चुनौतियां बनाए रख सकता है। ये भी पढ़ें: नीला रंग पहनने से नहीं बदलेगी सोच… मायावती का सपा-कांग्रेस पर तंज, समधी अशोक सिद्धार्थ पर भी निशाना