उत्तर प्रदेशप्रयागराज

प्रयागराज में सुपारी देकर कराई गई सपा नेता की हत्या, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

प्रयागराज में प्रधानपति ने पांच लाख की सुपारी देकर सपा नेता की हत्या करवा दिया। पुलिस ने मामले में एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार को गिरफ्तार कर लिए हैं। हत्या की साजिश राजनैतिक प्रतिद्वंद्विता और पुरानी रंजिश में रची गई थी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

SP Leader Murder: यूपी के प्रयागराज में हंडिया बाजार में सपा नेता व पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई । पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर ही हत्यारे का पता लगा लिया। पुलिस के अनुसार, मुगरांव गांव के प्रधानपति विनोद यादव ने राजनैतिक प्रतिद्वंद्विता और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की सुपारी दी थी। हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला को हत्या के बदले पांच लाख रुपये देने का वादा किया था। पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ में लल्ला और उसके साथी निहाल अहमद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं सुपारी देने के आरोपी प्रधानपति विनोद यादव और वारदात में शामिल बृजेश यादव को भी पकड़ लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों, ग्रामीणों और समर्थकों ने हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जिसके कारण करीब दो घंटे तक प्रयागराज-वाराणसी और वाराणसी-कानपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने पुलिस लाइन में हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि विनोद यादव की पवन यादव से पंचायत चुनाव के समय से ही रंजिश चल रही थी। विनोद ने अपनी ग्राम प्रधान पत्नी को गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में ईसीसीई एजुकेटर के पद पर संविदा पर नियुक्त कराया था। पवन यादव की आपत्ति के बाद डीएम के आदेश पर उसे पद से हटा दिया गया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और बढ़ गया था। इसी रंजिश के चलते वह पवन की हत्या के लिए तैयार हो गया। डेढ़ माह पहले विनोद और लल्ला ने हत्या की साजिश रची। विनोद ने लल्ला को पांच लाख रुपये देने का वादा किया और तमंचा-कारतूस खरीदने के लिए 25 हजार रुपये अलग से दिए। इसके बाद लल्ला ने बगहा हंडिया निवासी बृजेश यादव और ज्ञानपुर भदोही निवासी निहाल अहमद को 50-50 हजार रुपये देने का लालच देकर अपने साथ मिला लिया।कई दिनों तक पवन यादव की रेकी करने के बाद मंगलवार शाम लल्ला, बृजेश और निहाल ने हंडिया पवन को गोली मार दी।

गम और गुस्से के बीच हुआ पोस्टमार्टम

पवन यादव का बुधवार को गम और गुस्से के बीच पोस्टमार्टम हुआ। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। कई थानों के प्रभारी और कई एसीपी भी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम हाउस में पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, एमएलसी मान सिंह, विधायक विजमा यादव सहित कई नेता पहुंचे। पवन यादव के परिजनों और पार्टी के लोगों की मांग थी कि डीएम मौके पर आकर उनसे बात करें, उन्हीं के समक्ष वह अपनी मांगें रखेंगे। एडीसीपी सिटी जोगेंद्र लाल व एसडीएम हंडिया नंदिनी शाह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पवन के भाई अशोक व बेटे प्रिंस यादव से बातचीत की।

हाईवे पर शव रखकर किया चक्काजाम

सपा नेता पवन यादव का शव बुधवार को शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद मुगरांव गांव पहुंचा। शव देखते ही ग्रामीणों और समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने शाम को हंडिया ओवरब्रिज के पास हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे प्रयागराज-वाराणसी और वाराणसी-कानपुर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के सामने ही हाईवे की डिवाइडर पर लगी रेलिंग तोड़ दी। मृतक के परिजन हत्यारोपियों का एनकाउंटर करने समेत अन्य मांगों को पूरा करने पर अड़े रहे। पुलिस ने करीब दो घंटे बाद हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हाईवे से तितर-बितर किया। अफसरों के आश्वासन के बाद लोग माने और हाईवे से हटे। करीब दो घंटे बाद यातायात चालू हुआ।

ये भी पढ़ें: संगम नगरी में बाढ़ का कहर, स्कूल-अस्पताल से कोर्ट तक जलमग्न, कई इलाकों में 5 फीट तक पानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »