BSP Organizational Change: लखनऊ में बुधवार को बहुजन समाज पार्टी की अहम बैठक के दौरान संगठन को लेकर बड़ा फैसला सामने आया। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया। यह घोषणा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच हुई है। बैठक में देशभर से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक से पहले ईशान आनंद ने मायावती के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा हुई। संगठन में बदलाव पर जोर बसपा की इस बैठक में संगठनात्मक ढांचे और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। हाल के दिनों में मायावती ने पार्टी के संगठन में कई बदलाव किए हैं। ऐसे में ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने को भी इसी पुनर्गठन का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पहले राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी आकाश आनंद के पास थी। अब यह दायित्व ईशान आनंद को सौंपा गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजाराम और रामजी गौतम संगठन के कामकाज को समझने में ईशान की मदद करेंगे। https://twitter.com/AHindinews/status/2102648405998870649 बैठक में बदला नजर आया माहौल लखनऊ में हुई बैठक में सीटिंग अरेंजमेंट में भी बदलाव देखने को मिला। पार्टी की ओर से संगठन को नए तरीके से सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। 2027 के चुनाव को देखते हुए बसपा की गतिविधियां अब संगठन को मजबूत करने पर केंद्रित हैं। बढ़ेगी ईशान की भूमिका राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद ईशान आनंद की पार्टी संगठन में औपचारिक भूमिका बढ़ गई है। आने वाले समय में उनकी जिम्मेदारी पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और कार्यक्रमों से जुड़ी रह सकती है। यह फैसला ऐसे समय हुआ है जब बसपा उत्तर प्रदेश के साथ अन्य राज्यों में भी अपने संगठन की समीक्षा कर रही है। ये भी पढ़ें: UP International Trade Show को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 24 से 29 सितंबर तक बदले रहेंगे कई रूट