Noida EV Charging Station: नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर में अब बैटरी खत्म होने की चिंता कम होने वाली है, क्योंकि 30 अलग-अलग स्थानों पर सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसको लेकर नोएडा प्राधिकरण और यूपी रिन्यूएबल एंड चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (उपरेव) के बीच 24 सितंबर 2026 को समझौता हुआ है। 30 जगहों पर बनेगा चार्जिंग नेटवर्क उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत शुरू की जा रही इस योजना में चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना का पूरा खर्च उपरेव उठाएगा। वहीं, नोएडा प्राधिकरण इन स्टेशनों के लिए जरूरी स्थान उपलब्ध कराएगा। दोनों के बीच हुआ एमओयू 10 साल के लिए है, जिसे जरूरत के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है। खास बात यह है कि इस परियोजना के लिए नोएडा प्राधिकरण को अलग से कोई वित्तीय सहायता नहीं देनी होगी। एक साथ दो कार और एक दोपहिया चार्ज प्रत्येक चयनित स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे। इनसे एक समय में दो कार और एक दोपहिया वाहन चार्ज किया जा सकेगा। इससे शहर में ईवी चालकों को सार्वजनिक चार्जिंग का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। अभी नोएडा में ईवी उपयोगकर्ताओं के सामने सबसे बड़ी दिक्कत सार्वजनिक चार्जिंग पॉइंट की सीमित संख्या है। घर से बाहर निकलने के बाद बैटरी कम होने पर कई बार वाहन चालकों को चार्जिंग स्टेशन तलाशने में परेशानी होती है। नए स्टेशन बनने के बाद इस समस्या को काफी हद तक कम करने की उम्मीद है। प्राधिकरण को भी मिलेगा राजस्व इस परियोजना से नोएडा प्राधिकरण को भी कमाई होगी। चार्जिंग स्टेशनों पर इस्तेमाल होने वाली बिजली के आधार पर प्राधिकरण को रेवेन्यू शेयरिंग के तहत प्रति किलोवाट घंटा 1 रुपये** की दर से राजस्व मिलेगा। 30 नए चार्जिंग स्टेशन बनने से शहर का ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा। इससे सार्वजनिक चार्जिंग की सुविधा बढ़ेगी और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। रिपोर्ट: सुमित डुंडवारा ये भी पढ़ें: SSC-GD परीक्षा में धांधली का ‘Devil’ गिरफ्तार, दिल्ली से STF ने दबोचा, प्रॉक्सी सर्वर से होता था खेल