उत्तर प्रदेशनोएडा

मिठाई के नाम पर परोसा जा रहा था जहर? 360 किलो रसगुल्लों में मिले कीड़े-मक्खियां! दीपावली से पहले नोएडा में बड़ा खुलासा

दीपावली से पहले गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में 360 किलो दूषित रसगुल्ले नष्ट कराए गए। मिठाई की दुकानों से 9 नमूने जांच के लिए भेजे गए।

Food Safety Department: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिठाइयों की मांग बढ़ गई है। इसी बीच गौतमबुद्धनगर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में करीब 360 किलोग्राम दूषित रसगुल्ले मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

मिठाइयों पर खाद्य विभाग का शिकंजा

दरअसल, जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत विभाग की अलग-अलग टीमों ने मिठाई बनाने वाली दुकानों और निर्माणशालाओं पर छापेमारी की। इस दौरान कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

300 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने जोधपुरवाला स्थित मिठाई निर्माणशाला से केसर चमचम और लड्डू के नमूने लिए। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने देवला में सोनू पाल की रसगुल्ला निर्माणशाला का निरीक्षण किया। यहां दूध, छेना और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। जांच के दौरान करीब 300 किलोग्राम रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर पाए गए। दूषित स्थिति को देखते हुए पूरी खेप नष्ट करा दी गई।

दनकौर में 60 किलो नष्ट

इसके बाद टीम ने तिलपता कर्णवास, दादरी स्थित मुलायम सिंह की मिठाई निर्माणशाला से बूंदी के लड्डू और रसगुल्ले के नमूने लिए। वहीं, रविंद्र नाथ वर्मा और विजय बहादुर पटेल की टीम ने गढ़ी बावन बीघा, दनकौर स्थित कृष्णा स्वीट भंडार से छेना रसगुल्ला और डोडा बर्फी के नमूने एकत्र किए। यहां भी लगभग 60 किलोग्राम दूषित रसगुल्ले नष्ट कराए गए।

मिठाई कारोबारियों को सख्त निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे खाद्य सामग्री केवल लाइसेंसधारी और पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें। साथ ही खरीद का बिल, निर्माण तिथि और बैच नंबर की जांच करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने साफ किया है कि दीपावली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे में सवाल है कि त्योहार के बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की अगली कार्रवाई कहां होगी?

रिपोर्ट- आमिर खान

ये भी पढ़ें: दिल्ली में BS-4 वाहनों पर रोक का नोएडा पर असर, बॉर्डर पर लंबा जाम, 50 KM तक बढ़ेगा सफर!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »