Shubhendu Adhikari PA Murder Case || Kolkata Police || West Bengal News || UP Bihar Connection: पश्चिम बंगाल की राजनीति में सनसनी फैलाने वाले शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में अब बड़ा मोड़ सामने आया है। कोलकाता पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच की आंच अब पश्चिम बंगाल से निकलकर यूपी और बिहार तक पहुंच चुकी है, जिससे कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो आरोपी बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि तीसरा आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया का निवासी है। हालांकि वह वर्तमान में बिहार के बक्सर में रह रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। कैसे हुई गिरफ्तारी सूत्रों के मुताबिक, बलिया निवासी आरोपी राज सिंह को उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ की ओर से लखनऊ-गोरखपुर हाईवे के रास्ते आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर कोलकाता पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र की सीमा में हाईवे पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। हालांकि, अब तक पुलिस ने खुलकर यह साफ नहीं किया है कि हत्या में उसकी क्या भूमिका थी और उसके खिलाफ कौन-कौन से सबूत मिले हैं। अयोध्या पुलिस भी फिलहाल इस पूरे मामले पर खुलकर कुछ बोलने से बच रही है। नगर क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने केवल इतना कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ में मिले कई अहम् सुराग बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद से ही कोलकाता पुलिस लगातार कई राज्यों में छापेमारी कर रही थी। जांच एजेंसियां मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी थीं। कई संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर इन तीनों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। जल्द हो सकता है केस का खुलासा इस हाईप्रोफाइल केस की गूंज राजनीतिक गलियारों में भी सुनाई दे रही है। क्योंकि मृतक चंद्रनाथ रथ पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाते थे। ऐसे में इस हत्याकांड ने राज्य की राजनीति को भी गरमा दिया है। सूत्रों के अनुसार, कोलकाता पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान हत्या के पीछे की साजिश, वजह और अन्य शामिल लोगों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं। ये भी पढ़ें: TMC में टूट और NDA की बढ़ती ताकत! क्या बगावत से बदलेगा सत्ता का गणित? समझिए संसद का पूरा नंबर गेम