भारत

दिल्ली में भरभराकर गिरी 3 मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग, 2 की मौत, रेस्क्यू जारी

दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही, दो लोगों की मौत और एक घायल। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Building Collapsed at Chawri Baza: दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। मौके पर दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

सुबह 9:50 बजे मिली हादसे की सूचना

दमकल विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर गली सत्तारा, शीश महल इलाके में मेट्रो स्टेशन के सामने इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और अधिकारियों को भी बुलाया गया। फिलहाल छह दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू में परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और सुबह करीब 10 बजे अचानक पूरी बिल्डिंग ढह गई। आशंका है कि हादसे के वक्त वहां कई मजदूर और अन्य लोग मौजूद थे। चावड़ी बाजार की गलियां काफी संकरी हैं, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। फिलहाल बचाव दल का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है। हालांकि, कितने लोग अभी भी अंदर फंसे हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सितंबर में भी हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढह गई थी। उस हादसे में सात लोगों की जान गई थी। इनमें ज्यादातर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र थे, जो वहां चल रहे पीजी में रह रहे थे। उस घटना के बाद दिल्ली में जर्जर और खतरनाक इमारतों को चिन्हित करने का अभियान चलाया गया था। इसके बावजूद चावड़ी बाजार में हुए इस नए हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन और पुरानी इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब प्रशासन के सामने राहत-बचाव के साथ हादसे के कारणों की जांच की चुनौती भी है।

ये भी पढ़ें: हिरासत में लेते ही शुरू होगी 24 घंटे की उल्टी गिनती! सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, पुलिस के लिए तय की कानूनी सीमा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »