Azam Khan: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर शीर्ष अदालत ने सुनवाई करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने मामले को इलाहाबाद हाई कोर्ट भेजते हुए वहां जल्द सुनवाई का अनुरोध किया है। अब आजम खान की नजरें हाई कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं। कपिल सिब्बल ने उम्र और उत्पीड़न का दिया हवाला सुप्रीम कोर्ट में आजम खान की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पेश हुए। उन्होंने दलील दी कि आजम खान की उम्र 80 साल है और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। सिब्बल ने कहा कि दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद जैसे ही आजम खान जेल से बाहर आए, ED ने उन्हें 2019 के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई का मकसद आजम खान को आगामी चुनाव से दूर रखना है। हालांकि, इन दलीलों के बावजूद सुप्रीम कोर्ट ने सीधे सुनवाई करने के बजाय हाई कोर्ट जाने को कहा। 16 नवंबर तक सुनवाई का अनुरोध चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जोयमाल्या बागची की पीठ ने याचिका इलाहाबाद हाई कोर्ट को भेज दी। साथ ही हाई कोर्ट से 16 नवंबर तक मामले पर सुनवाई करने का अनुरोध किया गया है। जेल से बाहर आते ही फिर हुई गिरफ्तारी गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को इलाहाबाद हाई कोर्ट से दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद आजम खान करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे। लेकिन इसके तुरंत बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में उन्हें दोबारा हिरासत में ले लिया। ED उन्हें गाजियाबाद लेकर पहुंची, जहां मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेश किया गया। इसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजकर डासना जेल में रखा गया। अब सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद आजम खान के लिए अगली कानूनी लड़ाई इलाहाबाद हाई कोर्ट में होगी। सबकी नजरें इस बात पर हैं कि हाई कोर्ट उन्हें क्या राहत देता है। ये भी पढ़ें: यूपी में प्रदूषण का खतरनाक विस्फोट! मेरठ का AQI 987 पहुंचा, दिल्ली-नोएडा की हवा भी जहरीली