Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान सियासी माहौल गरमाया रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। वहीं, दूसरी ओर कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ के चलते राज नगर एक्सटेंशन में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सड़कों पर लंबा जाम लगने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कांग्रेस पर योगी का वार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मंच से भाषण शुरू होते ही भगवान राम, हनुमान, श्रीकृष्ण और महादेव के जयकारे गूंजने लगे। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दुनिया के सबसे प्राचीन लोकतंत्र पर सवाल उठा रही है। संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना कांग्रेस की आदत बन गई है। राहुल गांधी पर तंज उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने खुद लोकतंत्र को कुचलने का काम किया, उसका आज लोकतंत्र की बात करना हास्यास्पद है। कांग्रेस के युवराज पर तंज कसते हुए योगी ने परीक्षा में बार-बार असफल होने वाले छात्र का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि हर बार असफलता के लिए अलग-अलग बहाने बनाए जाते हैं। यही स्थिति कांग्रेस की हो गई है। गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में लोग यहां एकजुट हुए हैं। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। वहीं, विधायक अजीतपाल त्यागी ने पिछली सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। पदयात्रा में भीड़ से सड़कों पर थमी रफ्तार एक तरफ मंच से राजनीतिक हमले हो रहे थे, तो दूसरी तरफ राज नगर एक्सटेंशन में जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता कार्यक्रम में पहुंचे। सुबह 10 बजे से ही वाहनों का दबाव बढ़ने लगा और देखते ही देखते मुख्य सड़कें जाम हो गईं। प्रशासन की ओर से बनाई गई पार्किंग व्यवस्था सुबह 11:30 बजे तक पूरी तरह भर गई। इसके बाद बसें और अन्य वाहन सड़क किनारे बेतरतीब खड़े होने लगे। इससे सड़कें संकरी हो गईं और यातायात की रफ्तार थम गई। जनसभा स्थल पर भी नहीं मिली जगह भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि जनसभा स्थल पर भी जगह कम पड़ गई। कई लोग अंदर प्रवेश नहीं कर सके और बिना कार्यक्रम देखे ही वापस लौटने को मजबूर हुए। जाम में फंसे नौकरीपेशा लोगों को भी दफ्तर पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यक्रम की कमजोर व्यवस्थाओं का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा। बड़ा सवाल यह है कि हजारों लोगों की भीड़ जुटने के बावजूद यातायात और पार्किंग का पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किया गया? ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में अखिलेश यादव पर बरसे CM धामी! उत्तराखंड को लेकर दिए बयान पर बोले- पहले अपने घर में झांकिए