खेल

IPL में होने जा रहा बड़ा बदलाव! 10 से बढ़कर 12 होंगी टीमें? इन दो शहरों की खुल सकती है किस्मत

आईपीएल में बड़ा बदलाव होने की चर्चा तेज! 2028 से 10 की जगह 12 टीमें खेल सकती हैं। पुणे और वडोदरा की फ्रेंचाइजी पर नजरें टिकी हैं।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

 IPL Team 2027: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग में एक बार फिर टीमों की संख्या बढ़ाने की तैयारी हो सकती है। चर्चा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आईपीएल में दो नई फ्रेंचाइजी शामिल करने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। अगर यह योजना आगे बढ़ती है, तो लीग में मौजूदा 10 टीमों की जगह 12 टीमें खेलती नजर आ सकती हैं।

2028 से IPL में दिख सकता है नया विस्तार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई आईपीएल के 2028 सीजन से कम से कम दो नई फ्रेंचाइजी जोड़ने की संभावनाएं तलाश रहा है। ‘मिंट’ की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस योजना के लिए पुणे और वडोदरा संभावित शहरों के रूप में चर्चा में हैं। हालांकि, अभी बातचीत शुरुआती दौर में है और किसी भी शहर के नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। बताया जा रहा है कि यह विस्तार आईपीएल के अगले मीडिया राइट्स चक्र यानी 2028 से 2032 के दौरान हो सकता है।

एक टीम की कीमत हो सकती है 1 अरब डॉलर से ज्यादा

आईपीएल की बढ़ती लोकप्रियता और कारोबारी संभावनाओं ने दुनियाभर के निवेशकों का ध्यान खींचा है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्येक नई फ्रेंचाइजी की वैल्यूएशन एक अरब डॉलर से अधिक हो सकती है। संभावित निवेशकों में अंतरराष्ट्रीय प्राइवेट इक्विटी फर्म, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस, एशियाई निवेश संस्थाएं और भारत के बड़े कारोबारी समूह शामिल हो सकते हैं। कुछ निवेशक पूरी टीम के बजाय फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी खरीदने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

पुणे पहले भी बन चुका है आईपीएल का ठिकाना

पुणे के लिए आईपीएल नया नहीं है। 2011 से 2013 तक पुणे वॉरियर्स इंडिया और 2016-17 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स इस शहर का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वहीं, वडोदरा को नई फ्रेंचाइजी मिलने की स्थिति में गुजरात के क्रिकेट फैंस को एक और बड़ी सौगात मिल सकती है।

अभी 10 टीमें खेल रही हैं

आईपीएल में 2021 तक आठ टीमें थीं। साल 2022 में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के जुड़ने से इनकी संख्या 10 हो गई थी। अब दो नई फ्रेंचाइजी शामिल करने की चर्चा ने एक बार फिर लीग के विस्तार की उम्मीद बढ़ा दी है। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी इस प्रस्ताव पर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या 2028 से आईपीएल में 12 टीमों का नया रोमांच देखने को मिलेगा?

ये भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान की अगले एक साल में 10 बार हो सकती है भिड़ंत! वैभव-अभिषेक से लेकर वर्ल्ड कप तक, जानें पूरा शेड्यूल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »