Red Fort Blast Anniversary: लाल किला कार विस्फोट मामले की पहली बरसी पर फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी एक बार फिर चर्चा में है। एक साल पहले कथित आतंकी मॉड्यूल और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद यहां की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, पुलिस पोस्ट स्थापित हो चुकी है और कर्मचारियों से लेकर विद्यार्थियों तक का सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं, कॉलेज से सटी मस्जिद में रहने वाले मौलवी हाफिज इश्तियाक का परिवार भी अपना घर छोड़ चुका है। कॉलेज में सुरक्षा सख्त अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में अब पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती रहती है। परिसर में आने-जाने वालों और संस्थान की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। जांच एजेंसियों के अधिकारी भी समय-समय पर यहां पहुंचकर जानकारी जुटाते हैं। दूसरी ओर, मस्जिद के पास मौलवी का आवास खाली मिला। स्थानीय लोगों से परिवार के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने खुलकर कुछ नहीं बताया। विवाद के बाद फिर पटरी पर लौटा मेडिकल कॉलेज इस मामले के सामने आने के बाद कई डॉक्टरों ने संस्थान छोड़ दिया था और मरीजों की संख्या में भी गिरावट आई थी। हालांकि, पिछले एक साल में नए डॉक्टरों की भर्ती हुई है। कॉलेज के मेडिकल अधीक्षक डॉ. लखीराम मुर्मू के मुताबिक, अब मरीजों की संख्या पहले जैसी हो गई है। संस्थान में एमबीबीएस और पीजी की सभी सीटें भरी हुई हैं। एमबीबीएस की यूजी सीटें भी 150 से बढ़कर 200 हो गई हैं। 2900 किलो से ज्यादा विस्फोटक की बरामदगी 9 नवंबर 2025 को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर मुजम्मिल शकील गनाई को गिरफ्तार किया था। उसके किराये के कमरे से करीब 360 किलो विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए गए थे। अगले दिन फतेहपुर तगा और धौज में छापेमारी के दौरान लगभग 2,563 किलो अमोनियम नाइट्रेट मिला था। दोनों कार्रवाइयों में कुल बरामदगी करीब 2,900 किलो से अधिक बताई गई। इसके बाद 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के पास कार विस्फोट हुआ था, जिसमें 10 से अधिक लोगों की जान गई थी। NIA की चार्जशीट में यूनिवर्सिटी का जिक्र मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपनी चार्जशीट में अल-फलाह यूनिवर्सिटी को कथित मॉड्यूल की गतिविधियों का शुरुआती केंद्र बताया है। एजेंसी के आरोपों के मुताबिक, यूनिवर्सिटी परिसर, किराये के ठिकानों और अरावली के आसपास के इलाकों में कथित तौर पर संदिग्ध गतिविधियां हुई थीं।चार्जशीट में डॉ. उमर उन नबी, मुजम्मिल गनाई और जासिर बिलाल वानी की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। NIA ने तकनीकी सहायता, सामग्री जुटाने और कथित मॉड्यूल की गतिविधियों से जुड़े कई आरोप लगाए हैं। एक साल बाद अल-फलाह में सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा सख्त है। लेकिन इस पूरे मामले से जुड़े सवाल और जांच एजेंसियों के आरोप अब भी चर्चा में हैं। ये भी पढ़ें: पानी की किल्लत से मिलेगी मुक्ति! नोएडा में आज से गंगाजल बहाल