NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, जल्द जारी होगा री-एग्जाम शेड्यूल
पेपर लीक की आशंका के बीच केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, NTA जल्द जारी करेगा री-एग्जाम का नया शेड्यूल
NEET UG 2026 Cancelled || NTA NEET Exam News || NEET 2026 Paper Leak || Medical Entrance Exam Cancelled: केंद्र सरकार ने नीट यूजी 2026 परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा निरस्त कर दी गई है। यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी।
क्यों हुआ एग्जाम कैंसिल
बताया जा रहा है कि पेपर लीक की आशंका और परीक्षा प्रक्रिया पर उठे सवालों के बाद यह फैसला लिया गया। परीक्षा को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच लगातार चिंता बनी हुई थी। मामले ने तूल पकड़ने के बाद सरकार और एनटीए ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। NTA के अनुसार, अब जल्द ही नई परीक्षा तिथियों की घोषणा की जाएगी। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल लाखों छात्र नई तारीखों के एलान का इंतजार कर रहे हैं।
नहीं करना होगा नया रजिस्ट्रेशन
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने साफ कर दिया है कि छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नया रजिस्ट्रेशन कराने या अतिरिक्त परीक्षा शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
देश का सबसे बड़ा मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम
NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक है, जिसके जरिए MBBS, BDS, BAMS, BHMS, BUMS और BSMS जैसे मेडिकल कोर्सों में दाखिला दिया जाता है। इस वर्ष परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बनाए गए 5,432 केंद्रों पर हुआ था।
परीक्षा की निगरानी के लिए 6 हजार से अधिक ऑब्जर्वर तैनात किए गए थे, जबकि 674 सिटी कोऑर्डिनेटर शहर स्तर पर व्यवस्था संभाल रहे थे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए 2 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
CBI करेगी जांच
पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को हर जरूरी दस्तावेज और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा। एजेंसी के मुताबिक, पहले से जमा परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा और जल्द ही री-एग्जाम की नई तारीखें, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जारी की जाएगी।



