Ghaziabad News || ISI || NIA || UP News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सामने आए एक चौंकाने वाले जासूसी मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने खुलासा किया है कि पांच नाबालिग पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। इन पर आरोप है कि इन्होंने संवेदनशील इलाकों की जानकारी जुटाकर पाकिस्तान स्थित संदिग्ध आतंकियों तक पहुंचाई। क्या है पूरा मामला जांच के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क बेहद सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। नाबालिगों ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर रेलवे स्टेशनों और कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सोलर पावर से चलने वाले गुप्त कैमरे लगाए थे। इन कैमरों की लाइव फीड सीधे पाकिस्तान तक भेजी जा रही थी। साथ ही फोटो, वीडियो और GPS लोकेशन भी लगातार साझा की जाती थीं। NIA का बड़ा खुलासा मामला मार्च में गाजियाबाद के कौशांबी थाने में दर्ज हुआ था। शुरुआती जांच के बाद केस NIA को सौंप दिया गया। एजेंसी की जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतिबंधित और संवेदनशील क्षेत्रों में गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करते थे और वहां की गतिविधियों की निगरानी करते थे। NIA ने यह भी खुलासा किया कि इस नेटवर्क ने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध आतंकियों को भारतीय सिम कार्ड उपलब्ध कराने में भी मदद की। एजेंसी के अनुसार यह गतिविधियां देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए गंभीर खतरा थीं। अब तक इस मामले में 21 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पांचों नाबालिगों के खिलाफ विस्तृत रिपोर्ट गाजियाबाद के किशोर न्याय बोर्ड में दाखिल की गई है, जबकि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की जांच अभी जारी है। ये भी पढ़ें: गाजियाबाद कैश वैन लूट में बड़ा खुलासा, पुलिस ने दबोचे दो बदमाश, करोड़ों की साजिश के पीछे अभी चार फरार