उत्तर प्रदेशनोएडा

ग्रेटर नोएडा दहेज कांड में बड़ा खुलासा! सास समेत अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में दीपिका नागर मौत मामला अब और गहरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि के बाद पुलिस ने सास और चचेरे ससुर को गिरफ्तार कर लिया। पति और ससुर पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि परिवार लगातार दहेज हत्या के आरोप लगा रहा है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Greater Noida News || Deepika Nagar Death || UP News: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में हुई दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस जांच का रुख पूरी तरह हत्या और दहेज प्रताड़ना की ओर मुड़ गया है। इस हाई प्रोफाइल मामले में अब पुलिस ने मृतका की सास और चचेरे ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपिका की सास पूनम और चचेरे ससुर विनोद को हिरासत में लिया। इससे पहले पुलिस मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तक इस मामले में कुल चार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

दहेज के लिए प्रताड़ित

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से दीपिका को दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का दावा है कि प्रताड़ना की सारी हदें पार करने के बाद दीपिका की बेरहमी से हत्या की गई और फिर उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या या हादसे का रूप दिया जा सके।

पुलिस ने दी जानकारी

मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोटों ने परिवार के आरोपों को और मजबूत कर दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटना के वक्त घर में कौन-कौन मौजूद था और मौत से पहले दीपिका के साथ क्या हुआ था। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा और आक्रोश का केंद्र बना हुआ है।

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में खाना खाने के बाद परिवार के 5 लोग बीमार, दो बच्चों की मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »