नोएडा

ग्रेटर नोएडा में खाना खाने के बाद परिवार के 5 लोग बीमार, दो बच्चों की मौत

ग्रेटर नोएडा में खाना खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Greater Noida || Child Death || Food Poisoning || Health Scare || Tragic Incident: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने और दो मासूम बच्चों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद परिवार सदमे में है, जबकि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की असली वजह मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ी

जानकारी के अनुसार, शांतिनगर निवासी अनिल तोमर की पत्नी रूबी की हाल ही में बच्चेदानी में गांठ की सर्जरी हुई थी। ऑपरेशन के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। रविवार रात घर पर रूबी और उनके चार बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के अनुसार, बच्चों ने रात में पास्ता खाया था, जबकि रूबी ने फल खाए थे। देर रात करीब तीन बजे सभी को उल्टी और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होने लगीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एक के बाद एक दोनों बच्चों ने तोड़ा दम

इलाज के दौरान 8 वर्षीय दीपांशी की सुबह मौत हो गई। परिवार इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि शाम को 6 वर्षीय प्रशांत उर्फ प्रिंस ने भी दम तोड़ दिया। दोनों बच्चों की मौत से घर में कोहराम मच गया। प्रशांत अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था, जिससे परिवार का दुख और बढ़ गया है। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद अस्पताल में किसी तरह के संक्रमण की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं चिकित्सकों का मानना है कि मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा हो सकता है। हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मां रूबी का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: जनता की शिकायतों पर पुलिस कमिश्नर का बड़ा एक्शन, चौकी इंचार्ज सस्पेंड, कई अधिकारियों पर गिरी गाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »