उत्तर प्रदेशमहोबा

अंधविश्वास ने ली जान! महोबा में कुएं से मिले शव की सुलझी गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार

महोबा पुलिस ने कुएं में मिले शव के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि अंधविश्वास के चलते आरोपी ने रामप्रसाद की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था।

Mahoba Murder Case || Superstition Killing || Crime News || UP News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। श्रीनगर थाना क्षेत्र में 26 मई को एक कुएं से मिले व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अंधविश्वास और गलतफहमी इस हत्या की सबसे बड़ी वजह बने।

झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र

मृतक की पहचान रामप्रसाद के रूप में हुई थी, जो क्षेत्र में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र से जुड़े कार्यों के लिए जाने जाते थे। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शंशाक सिंह के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान एसओजी, सर्विलांस टीम और श्रीनगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से तकनीकी और मैनुअल साक्ष्य जुटाए। कई संदिग्धों से पूछताछ और मोबाइल डेटा के विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपी लखन साहू तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

 इस्तेमाल किया गया बांका
इस्तेमाल किया गया बांका

कैसे हुआ हत्या का खुलासा

पुलिस के अनुसार, लखन साहू का मानना था कि उसके भाई की मौत और उसके जीवन में चल रही परेशानियों के पीछे रामप्रसाद का हाथ है। वह उन्हें अपनी समस्याओं का जिम्मेदार मानता था। इसी अंधविश्वास और भ्रम के कारण उसके मन में रामप्रसाद के प्रति गुस्सा बढ़ता गया। बाद में उसने उनकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बांका भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे में तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं ने अहम भूमिका निभाई।

जांच टीम को दिया गया पुरस्कार

इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने जांच टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि अंधविश्वास के कारण हुई यह वारदात समाज के लिए एक गंभीर संदेश है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: बेटे को बचाने में गई पिता और चाचा की जान, धसान नदी में समाए दो भाई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »