Pune Hooch Tragedy || Toxic Liquor Case Pune || Pune Liquor Deaths: महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब ने मौत का ऐसा तांडव मचाया कि दो दिनों में 15 लोगों की जान चली गई। इनमें 11 मौतें कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई हैं, जबकि बाकी चार लोगों की मौत अलग-अलग कारणों से बताई जा रही है। लगातार हो रही मौतों से पिंपरी-चिंचवड और हडपसर इलाके में दहशत का माहौल है। क्या है पूरा मामला बताया जा रहा है कि शराब पीने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। किसी के मुंह से झाग निकलने लगा तो कोई चक्कर खाकर गिर पड़ा। कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। कुछ मामलों में हार्ट अटैक की भी बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, फुगेवाड़ी इलाके में 6 और हडपसर में 5 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं दो अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। केमिकल मिलाकर तैयार की गई शराब मामले में राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने योगेश वानखेड़े नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने केमिकल मिलाकर तैयार की गई शराब सप्लाई की थी। यही शराब लोगों की मौत की वजह बनी। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत की सही वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस अब जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है। ये भी पढ़ें: इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया का बड़ा बयान: बोले— ‘मैंने कांग्रेस आलाकमान के कहने पर मुख्यमंत्री पद छोड़ा’