Aligarh News || Lift Accident || Aligarh Apartment Incident || UP News: अलीगढ़ के एक अपार्टमेंट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। प्रॉपर्टी डीलर हरिओम वर्मा की लिफ्ट शाफ्ट में गिरने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट का बटन दबाया था, लेकिन दरवाजा खुलने के बावजूद लिफ्ट उस मंजिल पर मौजूद नहीं थी। कैसे हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय हरिओम वर्मा एक प्रॉपर्टी संबंधी काम से रामघाट रोड स्थित रसिक अपार्टमेंट पहुंचे थे। वह एक फ्लैट मालिक से मिलने के लिए लिफ्ट के पास पहुंचे। जैसे ही दरवाजा खुला, उन्होंने अंदर झांककर स्थिति देखने की कोशिश की। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे लिफ्ट की डक्ट में जा गिरे। लिफ्ट ने नीचे दबे प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हरिओम ने मदद के लिए आवाज भी लगाई और बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि उन्हें बचाया जा सके, ऊपर मौजूद लिफ्ट नीचे आ गई और गंभीर हादसा हो गया। घटना के बाद अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने मशीन की मदद से लिफ्ट को ऊपर उठाया और उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तकनीकी खामियों ने ली जान घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब अपार्टमेंट प्रबंधन, केयरटेकर और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी खामियों को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। ये भी पढ़ें: बरसे लात-घूंसे, पार्क में बैठे कपल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो वायरल