Police Raid On Illegal Liquor: उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी मात्रा में बरामत हुई शराब जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग के निर्देश पर उपनिरीक्षक भगवान बॉक्स के नेतृत्व में टीम ने मोहल्ला आदर्श नगर और किरतपुर में छापेमारी की। इस दौरान आदर्श नगर स्थित चंद्रपाल पुत्र सोहनलाल के घर के भीतर अवैध शराब बनाने की भट्टी संचालित पाई गई। मौके से करीब 10 लीटर कच्ची शराब और लगभग 600 किलोग्राम लहन बरामद किया गया, जिसे टीम ने तत्काल नष्ट कर दिया। घर के भीतर जमीन में गड्ढों में छिपाकर रखे गए कच्चे माल को बाहर निकालकर पूरी भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस की लोगों से अपील छापेमारी के दौरान आरोपी के खिलाफ थाना बिधूना में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल सरकारी लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही शराब खरीदें। इस अचानक हुई कार्रवाई ने स्थानीय स्तर पर अवैध शराब कारोबारियों में दहशत पैदा कर दी है, और पुलिस की सख्ती से ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही गई है। ये भी पढ़ें: राम मंदिर दान विवाद का क्या है सच? अखिलेश की पोस्ट से उठे सवाल, अब SIT जांच की मांग तक पहुंचा मामला