भारत

दिल्ली को मिला पहला ऑल-विमेन पुलिस स्टेशन, सुरक्षा को नई ताकत, हाईटेक सुविधाओं से मिलेगी तुरंत मदद

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को नई मजबूती मिली है। राजधानी का पहला ऑल-विमेन पुलिस स्टेशन तैयार हो गया है, जहां हाईटेक सुविधाएं, प्रशिक्षित स्टाफ और 24 घंटे सक्रिय विशेष टीम तैनात रहेगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Delhi Women Police Station: राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और उनके लिए पुलिस सेवाओं को अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। शहर का पहला समर्पित महिला पुलिस थाना अब लगभग तैयार है और जल्द ही इसका संचालन शुरू होने वाला है। यह थाना नॉर्थ दिल्ली के सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थापित किया गया है, जहां महिलाओं से जुड़े अपराधों की शिकायतों, जांच और त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

इस नए पुलिस स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां महिलाओं को एक सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद माहौल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। प्रशासन का मानना है कि इससे महिलाओं से जुड़े मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी और जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकेगी।

दो इमारतों में विकसित किया गया पूरा परिसर

महिला थाने को आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दो अलग-अलग भवनों में तैयार किया गया है। मुख्य भवन में थाना प्रभारी, ड्यूटी ऑफिसर, जांच अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक स्टाफ के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए गए हैं। यहां एक आधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी।

दूसरे भवन में पुलिसकर्मियों और आने वाली महिलाओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां जिम, कैंटीन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इतना ही नहीं, शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं के बच्चों के लिए विशेष प्ले एरिया भी बनाया गया है, जिससे उन्हें इंतजार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रिसेप्शन से लेकर वेटिंग एरिया तक विशेष व्यवस्था

थाने में प्रवेश करते ही महिलाओं को सहायता प्रदान करने के लिए रिसेप्शन काउंटर बनाया गया है। यहां आने वाली महिलाएं अपनी शिकायतों और प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगी। वेटिंग एरिया को भी आरामदायक बनाया गया है, जहां सोफे और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

महिला अधिकारी संभालेंगी कमान

इस विशेष महिला थाने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर लक्ष्मी सिंह को सौंपी गई है। नॉर्थ दिल्ली जिले के किसी भी क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की शिकायत यहां दर्ज कराई जा सकेगी। हालांकि, स्थानीय थानों में शिकायत दर्ज कराने की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।

साइब-ऑनलाइन अपराधों पर भी रहेगा फोकस

आज के डिजिटल दौर में महिलाओं के खिलाफ होने वाले साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए इस थाने में ऐसे प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है जिन्हें सोशल मीडिया, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर स्टॉकिंग और कंप्यूटर से जुड़े अपराधों की विशेष जानकारी हो। हाई-स्पीड इंटरनेट और आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम के जरिए जांच प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

24 घंटे सक्रिय रहेगी विशेष टीम

महिलाओं से जुड़े मामलों में तुरंत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष टीम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगी। शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई और पीड़िताओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराना इस टीम की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

कुल 58 पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती

थाने में महिला और पुरुष दोनों पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। कुल 58 कर्मियों का स्टाफ यहां तैनात रहेगा, जिनमें महिला अधिकारियों की प्रमुख भूमिका होगी। प्रशासन का मानना है कि अनुभवी और प्रशिक्षित स्टाफ की मौजूदगी से शिकायतों के समाधान में तेजी आएगी।

महिलाओं को मिलेगा भरोसेमंद माहौल

नॉर्थ दिल्ली के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस थाने का उद्देश्य केवल एफआईआर दर्ज करना नहीं, बल्कि महिलाओं को ऐसा वातावरण देना है जहां वे सुरक्षित महसूस करें। आधुनिक सुविधाओं, प्रशिक्षित स्टाफ और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था के साथ यह थाना राजधानी में महिला सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण मॉडल साबित हो सकता है। महिला सुरक्षा को नई दिशा देने वाला यह हाईटेक पुलिस स्टेशन जल्द ही दिल्ली की महिलाओं के लिए भरोसे और सुरक्षा का नया केंद्र बनने जा रहा है।

ये भी पढ़ें: DJ और हथियारों पर रोक, UP में मोहर्रम को लेकर CM योगी का सख्त आदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »