1- हथियारों पर रोक,CM योगी का सख्त आदेश मोहर्रम से पहले उत्तर प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जुलूसों में हथियार प्रदर्शन, कानफोड़ू डीजे और नई परंपराओं पर रोक लगाते हुए अधिकारियों को शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य की कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मोहर्रम से पहले आपसी संवाद और समन्वय स्थापित करें, ताकि किसी भी जिले में शांति व्यवस्था भंग न हो। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जुलूसों के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन, नई परंपराओं की शुरुआत और कानफोड़ू डीजे या ढोल-ताशों का अनियंत्रित उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। 2- नोएडा में ठगी के दो बड़े मामले सोशल मीडिया पर दिखे बड़े मुनाफे के सपनों ने कई लोगों की मेहनत की कमाई डुबो दी। अलग-अलग तरीकों से लोगों को जाल में फंसाया गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रहने वाली सुनीता देवी और उनके पति बाबूराम का कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक कंपनी का विज्ञापन देखा था। कंपनी ने दावा किया कि वह ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों की कुरियर फ्रेंचाइजी दिलाती है। पहले उनसे 15 हजार रुपये लिए गए और बाद में 2.35 लाख रुपये जमा कराए गए। भरोसा इतना बढ़ा कि उन्होंने किराये पर दुकान भी ले ली, लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी उन्हें कोई पार्सल नहीं मिला। जब वे कंपनी के सेक्टर-2 स्थित दफ्तर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। 3- हाईराइज सोसाइटी में खौफनाक हादसा Noida Live Accident: महागुन मिराबेला सोसाइटी में रात 11 बजे हुआ बड़ा हादसा; 4 मिनट तक कार के नीचे फंसी रहीं मां-बेटी, अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही महिला। सोसाइटी में रहने वाले अरुण शर्मा रविवार रात 11 बजे अपनी पत्नी कृतिका शर्मा और दो बेटियों के साथ अपनी कार से घर लौटे थे। वे बेसमेंट में गाड़ी खड़ी कर सामान उतार रहे थे और फ्लैट की तरफ जा रहे थे। उस समय, पार्किंग के एक मोड़ से एक होंडा अमेज कार ने कृतिका और उनकी 5 साल की छोटी बेटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मां-बेटी कार के नीचे फंस गईं। 4- नोएडा की ई-बसों में नहीं मिल रहीं सवारियां सेवा शुरू होने के बाद भी लोगों तक जानकारी नहीं पहुंची। कई रूटों पर बसें चलीं, लेकिन यात्रियों की संख्या बेहद कम रही। एक चालक ने बताया कि वह सोमवार को आगरा से नोएडा पहुंचे हैं। नए रूटों की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण उन्हें रास्ता समझने के लिए गूगल मैप और आसपास के लोगों की मदद लेनी पड़ रही है। एक घंटे इंतजार, फिर भी नहीं मिली सवारीसेक्टर-37 से चार मूर्ति रूट पर चल रही एक बस के परिचालक ने बताया कि पहले फेरे में करीब एक घंटे तक बस खड़ी रही, लेकिन कोई यात्री नहीं आया। कई स्टॉप से बस गुजरी, फिर भी सीटें खाली रहीं। सिर्फ 10 लोग चढ़े 5- बुद्ध प्रतिमा की बदहाली पर सवाल बिसरख पुल के पास लगी भगवान बुद्ध की प्रतिमा कुछ ही वर्षों में खराब हालत में पहुंच गई है। रखरखाव की कमी और मरम्मत में देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कुछ सालों में ही बिगड़ी स्थिति, यह प्रतिमा करीब चार साल पहले लगभग 8 लाख रुपये की लागत से लगाई गई थी। समय के साथ इसमें दरारें और गंदगी बढ़ती चली गई। अब यह साफ दिखने लगा है कि नियमित देखभाल नहीं हुई। मरम्मत पर चुप्पी, नई योजना की चर्चा, स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुरानी प्रतिमा की मरम्मत पर कोई ठोस कदम नहीं दिख रहा। इसके बजाय नई प्रतिमा लगाने की बात सामने आ रही है। इससे खर्च और प्राथमिकताओं पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की नाराजगी और सवाल इलाके के लोग पूछ रहे हैं कि जब पुरानी मूर्ति को ठीक किया जा सकता है तो उसे छोड़कर नई पर खर्च क्यों किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पहले मौजूदा चीजों की देखभाल जरूरी है। 6- अवैध खनन से तबाह हो रहे खेत बांदा के बिल्हरका गांव में किसानों ने अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई और खनन रोकने की मांग की। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से ट्रैक्टरों और मशीनों के जरिए खनन कराया जा रहा है। किसानों का दावा है कि जब भी वे शिकायत दर्ज कराने की कोशिश करते हैं, उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती। उनका आरोप है कि स्थानीय स्तर पर शिकायतों को दबा दिया जाता है और सुनवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अवैध खनन की वजह से खेतों की उपजाऊ मिट्टी लगातार हट रही है, जिससे जमीन बंजर होने लगी है। खेती पर निर्भर परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। साथ ही पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है