Monsoon Rain Alert: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने आखिरकार उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। बिहार और पूर्वांचल के रास्ते यूपी पहुंचे मॉनसून के बाद अब राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के कई राज्यों में भी झमाझम बारिश का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है। यूपी में पहुंचा मॉनसून आईएमडी के अनुसार, 30 जून को मॉनसून ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ क्षेत्रों में भी मॉनसून ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। मौसम विभाग का कहना है कि अब बारिश का दायरा लगातार बढ़ेगा। दिल्ली समेत इन राज्यों की बारी मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के अधिकांश इलाकों तक पहुंच सकता है। इसके अलावा गुजरात, राजस्थान के कुछ हिस्सों, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के शेष क्षेत्रों में भी मॉनसून सक्रिय होने की संभावना है। केरल से शुरू हुआ सफर इस वर्ष मॉनसून सामान्य समय से लगभग तीन दिन की देरी से 4 जून को केरल पहुंचा था। इसके बाद उसने दक्षिण भारत के तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अच्छी बारिश कराई। फिर पूर्वोत्तर भारत और उसके बाद पश्चिम बंगाल, बिहार तथा झारखंड होते हुए मॉनसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ा। बीच में क्यों धीमा पड़ा मॉनसून? मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मॉनसून की रफ्तार बीच में लगभग 10 दिनों तक धीमी पड़ गई थी। अल नीनो समेत कुछ वैश्विक और क्षेत्रीय मौसमी परिस्थितियों के कारण इसकी गति प्रभावित हुई। हालांकि अब अनुकूल वातावरण बनने के बाद मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली-NCR को मिलेगी राहत दिल्ली और एनसीआर में पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हाल ही में राजधानी में चार वर्षों की सबसे गर्म रात दर्ज की गई थी। ऐसे में मौसम विभाग का मानना है कि मॉनसून की बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल पूरे उत्तर भारत की निगाहें मॉनसून की अगली दस्तक पर टिकी हैं। यदि मौसम विभाग का अनुमान सही रहा, तो जुलाई की शुरुआत बारिश और ठंडी हवाओं के साथ होने की उम्मीद है। ये भी पढ़ें: Plane Crash In Kasganj: हाईटेंशन लाइन से टकराया ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट, महिला पायलट घायल ऐसी ही खबरों के लिए पढ़ते रहें: https://indiaheadlinestv.com/