Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने सीमावर्ती पांच थानों के थानाध्यक्षों को एक साथ हटाकर उनकी जगह नए प्रभारी तैनात कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी अधिकारी एक वर्ष से अधिक समय से अपने-अपने थानों में तैनात थे। बॉर्डर थानों में बदलाव सूत्रों के अनुसार, सीमा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कई बार सीमावर्ती थानों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इसी क्रम में एडीजी गोरखपुर अशोक मुथा जैन ने भी पुलिस अधीक्षक को सभी बॉर्डर थानों में नए थानाध्यक्ष तैनात करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। सिपाहियों पर नजर हालांकि, केवल थानाध्यक्षों के तबादले के बाद भी कई सवाल बने हुए हैं। सीमा क्षेत्र की पुलिस चौकियों और बीटों पर लंबे समय से तैनात सिपाहियों और दरोगाओं को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जाता रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी वर्षों से प्रभाव और सिफारिश के आधार पर इन संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात हैं। अब किसकी बारी अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या पुलिस विभाग सीमावर्ती चौकियों और बीटों में लंबे समय से तैनात अन्य पुलिसकर्मियों में भी बदलाव करेगा या कार्रवाई केवल थानाध्यक्षों तक ही सीमित रहेगी। ये भी पढ़ें: 16 किलो गांजे के साथ चार तस्कर दबोचे! पुलिस की घेराबंदी में खुला नशे के नेटवर्क का राज