CJP Protest: राजधानी दिल्ली में हुए उग्र प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके ने अपने समर्थकों से माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और प्रदर्शनकारियों से भावुक अपील की। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधा। 'हम और बेहतर कर सकते थे' अभिजीत दिपके ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह अपने सभी समर्थकों से माफी मांगते हैं, खासकर उन छात्राओं से जिन्हें कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा के लिए वह और बेहतर प्रयास कर सकते थे। उन्होंने घायल लोगों से अपील की कि वे उनसे संपर्क करें, ताकि वह उनसे व्यक्तिगत रूप से बात कर सकें। दिपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई अमानवीय थी। उन्होंने सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। https://twitter.com/abhijeet_dipke/status/2079401833231995217 आज भी संसद मार्च का ऐलान प्रदर्शन के बीच अभिजीत दिपके ने ऐलान किया है कि संसद तक मार्च का अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को भी प्रदर्शनकारी संसद मार्च निकालने की कोशिश करेंगे। इससे पहले सोमवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी थी, जिसमें कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए थे। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल से कुछ व्यवस्थाएं हटाए जाने के बाद प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंचे और वहां अस्थायी मंच तैयार किया। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग CJP कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कई दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन में शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए थे। बाद में उन्हें हिरासत में लेकर सफदरजंग अस्पताल भेजा गया था। कई राज्यों को दिल्ली पुलिस का अलर्ट प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान के पुलिस प्रमुखों को पत्र भेजा है। इसमें जंतर-मंतर पर भीड़ जुटने को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है। फिलहाल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। ये भी पढ़ें: दिल्ली में डबल घेराबंदी! जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन, शंभू बॉर्डर से किसानों का बड़ा कूच