भारत

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, दिल्ली में पप्पू यादव पर हमले के बाद बढ़ा सियासी बवाल

दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव पर कथित हमले के मामले में शिकायत दर्ज हुई। मीडिया सलाहकार ने हत्या की साजिश और राजनीतिक कनेक्शन की जांच की मांग की।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

 Pappu Yadav: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव पर दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कथित हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद उनके मीडिया सलाहकार जैद ने नई दिल्ली के डीसीपी को शिकायत सौंपकर हमले की साजिश, हत्या की कोशिश और हमलावरों के संभावित राजनीतिक संबंधों की जांच की मांग की है।

क्या है पूरा मामला

शिकायत के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 4 से 5 लोगों का एक समूह अचानक वहां पहुंचा। आरोप है कि इनमें से एक युवक चाकू लेकर आया था और पहले से बनाई गई योजना के तहत पप्पू यादव पर हमला करने का प्रयास किया गया। शिकायत में दावा किया गया है कि हमलावरों का उद्देश्य सांसद को गंभीर नुकसान पहुंचाना था।

सुरक्षाकर्मी हुए घायल

मीडिया सलाहकार ने बताया कि मौके पर मौजूद निजी सुरक्षा कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया, जिससे कथित हमला टल गया। इस दौरान हमलावर को रोकने की कोशिश में शिकायतकर्ता समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों में शामिल एक व्यक्ति का किसी राजनीतिक दल से संबंध हो सकता है। इसी आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

CCTV से जांच

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, मौके पर मौजूद लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिकायत में हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ने की मांग भी की गई है।

हिंदू संगठनों का विरोध

यह विवाद हाल ही में राम मंदिर में हुई चोरी के मुद्दे पर संसद के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद सामने आया। उस प्रदर्शन में पप्पू यादव ने साधु का वेश धारण किया था, जिस पर भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई थी। इस मामले में दिल्ली और वाराणसी सहित कई स्थानों पर उनके खिलाफ शिकायतें और एफआईआर भी दर्ज कराई गई थीं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए हंगामे के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि एक युवक चाकू लेकर वहां पहुंचा था और उनकी हत्या की साजिश रची जा रही थी। उन्होंने कहा कि वह किसी भी दबाव या धमकी से डरने वाले नहीं हैं। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: उपचुनाव में बांकीपुर में PK का बड़ा उलटफेर, मांजलपुर में भाजपा आगे, दतिया में कांटे की टक्कर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »