Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया में श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जलाभिषेक कर देवकली धाम से लौट रहे दो कांवड़िए सोमवार को सड़क हादसे का शिकार हो गए। कोतवाली औरैया क्षेत्र के बिरिया भट्टा के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक कांवड़िए की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली औरैया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल एक कांवड़िए को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। यातायात हुआ सामान्य हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस के अनुसार यातायात पूरी तरह सुचारू है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने के कारण हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ये भी पढ़ें: महिला उपनिरीक्षक को परोसा गया कथित मिलावटी जूस, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त छापेमारी