भारत

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, अब BJP और सरकार आमने-सामने

झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने राज्यव्यापी बंद बुलाया। रांची में सुरक्षा बढ़ाई गई। मुख्यमंत्री सोरेन ने विरोध किया, जबकि कांग्रेस ने बंद को राजनीतिक ड्रामेबाजी बताया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Ranchi Student Protest: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड में चल रहा छात्रों का आंदोलन अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता जा रहा है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बीजेपी ने मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद को देखते हुए राजधानी रांची समेत कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बीजेपी के झारखंड बंद का असर सुबह से ही सड़कों पर दिखाई देने लगा। पार्टी कार्यकर्ता छात्रों की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते नजर आए। बंद सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि तक प्रस्तावित है। हालांकि, बीजेपी ने आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखने की बात कही है।

रांची में बढ़ाई गई सुरक्षा

बंद के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रांची में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। कई निजी स्कूलों ने भी बंद को देखते हुए मंगलवार को छुट्टी घोषित की है। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बंद को छात्रों के समर्थन में बड़ा कदम बताया। उनका कहना है कि विधानसभा के बाहर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कई बार लाठीचार्ज किया गया, जिसके विरोध में पार्टी ने राज्यव्यापी बंद का फैसला लिया है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग करते हुए सीबीआई जांच की मांग भी दोहराई।

कैसे बिगड़े सोमवार को हालात?

सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनी। अधिकारियों के मुताबिक, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। घटना में कई प्रदर्शनकारियों के साथ चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

सोरेन ने BJP पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीजेपी के बंद का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल राजनीतिक फायदे के लिए छात्रों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत के जरिए अपनी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की। वहीं, झारखंड कांग्रेस ने बीजेपी के बंद को ‘राजनीतिक नौटंकी’ करार दिया। कांग्रेस का कहना है कि छात्रों के साथ हुई घटना गंभीर है और यदि जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग हुआ है तो निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी ने बीजेपी पर छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक अवसर में बदलने का आरोप लगाया।

18वें दिन भी चालू है प्रदर्शन

JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया। अब बंद के जरिए BJP ने सरकार पर दबाव बढ़ाने की कोशिश की है, जबकि सत्ता पक्ष इसे राजनीतिक हस्तक्षेप बता रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »