अयोध्याउत्तर प्रदेश

नरपत डुकिया संभालेंगे राम मंदिर के संचालन-प्रबंधन की कमान, अब CEO की नियुक्ति पर नजर

राम मंदिर प्रबंधन में बड़ा बदलाव हुआ। CA नरपत डुकिया को संचालन-प्रबंधन की जिम्मेदारी मिली। ट्रस्ट CEO पद के लिए आज इंटरव्यू करेगा, जबकि धार्मिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आचार्य इंद्रदेव मिश्र संभालेंगे।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Ram Mandir Management: राम मंदिर प्रबंधन को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बदलाव का दौर जारी है। मंदिर से जुड़े चंदा चोरी के मामले के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अब CA नरपत डुकिया को मंदिर संचालन एवं प्रबंधन इकाई का प्रमुख बनाया गया है। उनकी नियुक्ति का आदेश ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन ने जारी किया है। ट्रस्ट की ओर से 8 अगस्त 2026 को जारी पत्र के मुताबिक, नरपत डुकिया मंदिर की समग्र प्रशासनिक व्यवस्था के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल बनाने, व्यवस्थाओं की निगरानी करने और ट्रस्ट के फैसलों को प्रभावी ढंग से लागू कराने का काम सौंपा गया है।

 इंद्रदेव मिश्र भी संभालेंगे जिम्मेदारी

नरपत डुकिया के सहयोग के लिए आचार्य इंद्रदेव मिश्र को भी जिम्मेदारी दी गई है। उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 तक रहेगा। इंद्रदेव अयोध्या स्थित राम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य हैं। उनकी अतिरिक्त जिम्मेदारी मुख्य रूप से मंदिर की धार्मिक व्यवस्थाओं से जुड़ी होगी। इसमें नियमित पूजन, यज्ञ, वैदिक अनुष्ठान और धार्मिक समिति के निर्देश के अनुसार विभिन्न पर्वों एवं आयोजनों का संचालन शामिल है।

मंदिर प्रबंधन में लगातार हो रहे बदलाव

चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था में कई बदलाव कर रहा है। नई व्यवस्था में प्रशासनिक कामकाज और धार्मिक गतिविधियों की जिम्मेदारियां अलग-अलग तय करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि दोनों के बीच बेहतर समन्वय कायम किया जा सके। इससे पहले पिछले महीने जगदीश शंकर आफले को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सचिव नियुक्त किया गया था। अब नरपत डुकिया को मंदिर संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने के बाद प्रबंधन ढांचे में एक और बड़ा बदलाव हुआ है।

CEO पद के लिए आज इंटरव्यू

इसी बीच ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद को लेकर भी प्रक्रिया तेज हो गई है। पद के लिए आए आवेदकों के इंटरव्यू मंगलवार को होने हैं। बताया गया है कि चयन प्रक्रिया में डेढ़ दर्जन से अधिक उम्मीदवार शामिल हैं। राम मंदिर परिसर में होने वाले इंटरव्यू के दौरान सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया है। CEO पद के लिए ट्रस्ट ने आवेदन मांगे थे, जिसके बाद 5 हजार से अधिक आवेदन मिलने की बात सामने आई है। सचिव की नियुक्ति के बाद अब CEO और प्रवक्ता की नियुक्ति पर भी निगाहें टिकी हैं। प्रवक्ता के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है और जल्द ही नाम सामने आने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा मामले में RSS की एंट्री, चंपत राय से हुई लंबी गोपनीय बैठक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »