Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में किसानों और कारोबारियों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने वाले एक अंतरजनपदीय गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंग के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बीज और अनाज के नाम पर ठगी पुलिस के मुताबिक, आरोपी एग्रो मार्ट के नाम से लोगों को झांसा देते थे। सरसों, मक्का समेत विभिन्न फसलों के बीज और अनाज उपलब्ध कराने का भरोसा देकर किसानों और कारोबारियों से संपर्क किया जाता था। सौदा तय होने के बाद आरोपियों की ओर से करीब 50 से 60 फीसदी एडवांस भुगतान की मांग की जाती थी। पैसे मिलने के बाद या तो सामान नहीं भेजा जाता था या फिर पीड़ितों से संपर्क खत्म कर दिया जाता था। इस तरीके से आरोपियों ने कई लोगों को कथित तौर पर लाखों-करोड़ों रुपये का चूना लगाया। कई राज्यों तक फैला नेटवर्क जांच में गैंग के दूसरे राज्यों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी इस नेटवर्क से जुड़े मामलों की शिकायतें दर्ज हैं। गैंग के मुख्य आरोपी प्रतीक सक्सेना के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपियों तक पहुंचने में एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों ने अहम भूमिका निभाई। भारी मात्रा में सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच कंप्यूटर, एक लैपटॉप, दो प्रिंटर, 13 मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, करीब 2,000 विजिटिंग कार्ड और एक कार बरामद की है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गैंग ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। ये भी पढ़ें: 36 घंटे से जिला अस्पताल का सीटी स्कैन बंद, बिजली लाइन में फॉल्ट से मरीज लौटने को मजबूर