Auraiya Police Action: उत्तर प्रदेश में औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गौकशी के आरोपी वारिक हुसैन उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। क्या है पूरा मामला पुलिस के अनुसार भीखेपुर-जुआ मार्ग पर अजीतमल कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार आरोपी की पहचान वारिक हुसैन उर्फ राजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे तथा बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक वारिक हुसैन उर्फ राजा गौकशी से जुड़े मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आपराधिक इतिहास जा रहा खंगाला आरोपी के खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। ये भी पढ़ें: छत से गिरकर मजदूर की मौत, 13 दिन पहले बेटी की शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़