KANPUR NEWS: गोविंद नगर इलाके में देर रात तीन दोस्तों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में कुछ युवकों ने पहले गाली-गलौज की और जब तीन दोस्तों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवकों ने तीनों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। पीड़ितों के मुताबिक, हमलावरों से बचने के लिए वे सड़क पर भागे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उन्हें काफी दूर तक पीटा। अब घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रामलीला मैदान के पास हुआ विवाद बताया जा रहा है कि 7 अगस्त की रात करीब 10 बजे रामआसरे नगर निवासी रितिक सिंह अपने दो दोस्तों हर्ष और प्रियांशु के साथ रामलीला मैदान के पास मौजूद थे। इसी दौरान उनकी नजर पास खड़े एक ऑटो पर गई, जिसमें कुछ युवक शराब पी रहे थे, आरोप है कि थोड़ी देर बाद ऑटो से कुछ युवक बाहर आए और सड़क पर गाली-गलौज करने लगे। रितिक ने जब इसका विरोध किया तो युवकों से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाकी युवक भी मौके पर पहुंच गए। तीनों दोस्तों को घेरकर पीटने का आरोप पीड़ितों का कहना है कि युवकों ने तीनों दोस्तों को घेर लिया और लात-घूंसों के साथ डंडों से भी मारपीट की। हालात बिगड़ने पर तीनों वहां से निकलकर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा, CCTV फुटेज में सड़क पर युवकों के बीच मारपीट और कुछ लोगों के पीछे दौड़ने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। इसी वीडियो को पुलिस जांच का अहम आधार मान रही है। मोबाइल और चेन छीनने का भी आरोप रितिक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। साथ ही उसके गले से सोने की चेन तोड़कर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। 1 मिनट 43 सेकेंड का वीडियो वायरल घटना का करीब 1 मिनट 43 सेकेंड का CCTV वीडियो मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। गोविंद नगर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के जरिए घटना में शामिल युवकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मारपीट के साथ मोबाइल और सोने की चेन से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़े : अब और नहीं सह पा रही… तीन पन्नों में दर्द की आखिरी दास्तान, विवाहिता की मौत पर हत्या का आरोप ये भी पढ़ें : पथराव-धमकी के आरोपी की निकली हेकड़ी! गुजैनी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को दबोचा, सड़कों पर कराया पैदल मार्च