उत्तर प्रदेशकानपुर

हादसा समझ दफना दिया शव, छह साल की बेटी के बयान से खुला राज, पति गिरफ्तार

खराब फ्रिज को बनाया कथित हत्या का जरिया, करंट लगने से हुई मौत को हादसा बताने का आरोप; आठ दिन बाद कब्र से निकाला गया शव

Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश में कानपुर के बेकनगंज थाना क्षेत्र में करंट लगने से हुई महिला की मौत का मामला आठ दिन बाद हत्या की जांच में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और इसके बाद खराब पड़े फ्रिज में बिजली का कनेक्शन चालू कर उसे फ्रिज की ओर धक्का दे दिया। करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। घटना को हादसा बताकर शव बिना पोस्टमार्टम के दफना दिया गया था। बाद में छह साल की बेटी के बयान ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।

मौत बनी रहस्य

आलम मार्केट निवासी 40 वर्षीय निशा कौसर की शादी वर्ष 2007 में रिजवी रोड निवासी सिलाई कारीगर इंतजार अहमद से हुई थी। पुलिस और मायके पक्ष के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मारपीट के आरोप भी सामने आते रहे थे। घटना 27 मई की शाम की बताई गई है। बकरीद से एक दिन पहले निशा का भाई उसे खरीदारी कराने के बाद ससुराल छोड़कर गया था। उस समय घर में निशा और उसकी छह वर्षीय बेटी अरबिया मौजूद थीं। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि निशा को करंट लग गया है और उसकी मौत हो गई है। इसे हादसा मानकर शव को बिना पोस्टमार्टम कराए कर्नलगंज कब्रिस्तान में दफना दिया गया।

बेटी ने खोला राज

करीब दो दिन बाद बच्ची ने परिजनों को बताया कि घटना से पहले उसके पिता ने मां के साथ मारपीट की थी। इसके बाद मायकेवालों ने पुलिस से शिकायत की और मौत पर संदेह जताया। कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस ने करीब आठ दिन बाद 3 जून को कब्र खोदकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। विसरा भी सुरक्षित कराया गया।

जांच में बड़ा खुलासा

बेकनगंज थाना प्रभारी मतीन खान के अनुसार, जांच में खराब फ्रिज और बिजली कनेक्शन से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। पुलिस का आरोप है कि घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। जांच में वर्ष 2017 में दर्ज मारपीट और हत्या के प्रयास के पुराने मुकदमे का भी पता चला है। पुलिस के मुताबिक, इसी मामले में आरोपी के खिलाफ हाल में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: अब और नहीं सह पा रही… तीन पन्नों में दर्द की आखिरी दास्तान, विवाहिता की मौत पर हत्या का आरोप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »