उत्तर प्रदेशनोएडा

बेटे ने पिता की निर्मम हत्या कर खुद मेट्रो के आगे कूदकर दी जान, आखिर क्यों उठाया खौफनाक कदम

नोएडा के गढ़ी चौखंडी में बेटे अमृत ने कथित तौर पर पिता राजू शर्मा की हत्या की, फिर मेट्रो के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस ने जांच शुरू की।

Noida Crime: सेक्टर-121 के गढ़ी चौखंडी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपने पिता की हत्या करने के बाद सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो के सामने कूदकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घर पहुंचकर जांच शुरू की तो वहां पिता का शव बरामद हुआ।

कैसे खुला राज

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान राजू शर्मा के रूप में हुई है, जबकि उनके बेटे का नाम अमृत शर्मा बताया गया है। मामले की जानकारी मृतक के भाई अरुण शर्मा ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि अमृत ने सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। इसी दौरान राजू शर्मा के घर पर नहीं मिलने से पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

घर में मिला पिता का शव

तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर राजू शर्मा का शव मिला। उनके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए। घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने कपड़े और एक कुल्हाड़ी बरामद की है। इसके अलावा अमृत के पास से उसके पिता का मोबाइल फोन और कमरे की चाबी भी मिली, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पिता-पुत्र में किस बात पर था विवाद?

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमृत अपने पिता से बाहर घूमने जाने को लेकर विवाद करता था। बताया जा रहा है कि पिता उसे बाहर जाने से रोकते थे। इसके अलावा अमृत का स्कूल में दाखिला भी नहीं कराया गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि इन परिस्थितियों के कारण वह मानसिक दबाव में था।

पुलिस जांच में जुटी

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। थाना फेस-3 पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बरामद साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »