Fire In Bengal Hotel: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां चार मंजिला निजी होटल में अचानक भीषण आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। हादसे के वक्त होटल में अधिकांश लोग सो रहे थे, जिससे आग और धुएं के बीच बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सुबह करीब 5 बजे लगी आग पुलिस के अनुसार, आग सुबह करीब 5 बजे होटल की पहली मंजिल पर लगी। शुरुआती जानकारी में होटल प्रबंधन की ओर से आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आग सबसे पहले रिसेप्शन क्षेत्र में लगी और देखते ही देखते होटल के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। आग लगने के बाद होटल के कमरों में तेजी से धुआं भर गया। कई लोग नींद से जागे तो चारों तरफ धुआं देखकर घबरा गए। कोलकाता की एक महिला ने बताया कि धुएं के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया था और बाहर निकलने का रास्ता तलाशना बेहद कठिन था। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं सूचना मिलते ही रामपुरहाट से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रभावित लोगों को तत्काल रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआत में अस्पताल सूत्रों ने पांच मौतों की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़कर सात होने की पुष्टि की। पुलिस और प्रशासन मृतकों की पहचान करने में जुटे हैं। होटल में ठहरे थे मंदिर के श्रद्धालु बताया गया कि होटल में कई श्रद्धालु ठहरे हुए थे, जो प्रसिद्ध तारापीठ काली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। ऐसे में हादसे ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और होटल में अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारण और होटल में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर रही है। शॉर्ट सर्किट को शुरुआती वजह बताया गया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। ये भी पढ़ें: चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा की बैटरी में धमाका, इमारत में लगी आग, दो की दर्दनाक मौत