भारत

चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा की बैटरी में धमाका, इमारत में लगी आग, दो की दर्दनाक मौत

दिल्ली के रघुबीर नगर में चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा की बैटरी फटने से चार मंजिला इमारत में आग लगी। हादसे में 17 वर्षीय सुफैद और 38 वर्षीय सामिद की मौत हुई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

E-Rickshaw Battery Explosion: पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में सोमवार तड़के ई-रिक्शा की बैटरी फटने से एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पहली मंजिल पर हुआ धमाका

दमकल विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर के आर-ब्लॉक स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज की जा रही थी। इसी दौरान बैटरी फट गई और आसपास रखे घरेलू सामान ने आग पकड़ ली। आग तेजी से फैलने के कारण वहां मौजूद दो लोग इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

 डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घायलों को तत्काल रघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सुफैद और 38 वर्षीय मोहम्मद सामिद के रूप में हुई है।

चार दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 5:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत कार्य के दौरान इमारत को सुरक्षित किया गया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया।

बैटरी फटने की वजह की जांच जारी

पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल प्रारंभिक जानकारी में बैटरी फटने को आग की वजह माना जा रहा है। हालांकि, बैटरी में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

यह घटना ई-रिक्शा और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियों को चार्ज करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने की जरूरत को भी सामने लाती है। खासकर बंद या आवासीय परिसर में चार्जिंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें: बिहार के अशोकधाम मंदिर में अचानक टूटी बैरिकेडिंग, 7 श्रद्धालुओं की मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »