Operation Ashdar: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन अशदर के तहत हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के रहने वाले लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकी यासिर को मार गिराया। घने जंगल में छिपे थे आतंकी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, यासिर जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था और कई बड़े हमलों में उसकी भूमिका सामने आई थी। पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने करीब तीन दिन पहले इलाके में ऑपरेशन शुरू किया था। कार्रवाई के दौरान आतंकी घने जंगलों में छिप गए। तीन दिन तक चले अभियान में सुरक्षाबलों ने यासिर को ढेर कर दिया। हालांकि, उसके कुछ साथी जंगल से भागने में कामयाब रहे। उनकी तलाश में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया है। कई बड़े हमलों से जुड़ा था नाम सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यासिर का नाम जम्मू-कश्मीर में हुए कई बड़े आतंकी हमलों से जोड़ा गया था। इनमें सेना के जवानों, वायुसेना के कर्मियों और नागरिक पोर्टरों को निशाना बनाया गया था। 4 मई 2024, पुंछ: वायुसेना के काफिले पर हमला, एक जवान शहीद। 11 अक्टूबर 2021, भट्टा दुर्रियां: हमले में सेना के 9 जवान शहीद। 25 अक्टूबर 2024, बारामुला: सेना के जवानों और नागरिक पोर्टरों पर हमला, चार लोगों की मौत। 20 अप्रैल 2023, भट्टा दुर्रियां: आतंकी हमले में पांच जवान शहीद। 21 दिसंबर 2023, डेरा की गली: हमले में चार जवान शहीद। बाकी आतंकियों की तलाश जारी यासिर के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अब सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और जंगल में छिपे अन्य आतंकियों का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों की नजर इस बात पर भी है कि फरार आतंकी किस दिशा में गए और उनका अगला ठिकाना कहां हो सकता है। ये भी पढ़ें: लैंडिंग के बाद पोल से टकराया IndiGo विमान! श्रीनगर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा