उत्तर प्रदेशनोएडा

सोते बच्चे पर कमरे की छत का गिरा हिस्सा, ग्रेटर नोएडा सोसायटी में बड़ा खतरा

ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक ईको विलेज वन सोसायटी में छत का प्लास्टर गिरने से सोता बच्चा घायल हुआ। निवासियों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर जांच की मांग की।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक ईको विलेज वन सोसायटी में कंस्ट्रक्शन क्वालिटी पर सवाल उठ गए हैं। यहां शुक्रवार देर रात एक फ्लैट में कमरे की छत का प्लास्टर अचानक बेड पर गिर गया। इस घटना में एक बच्चे को हाथ और पैर में हल्की चोट आई है।

छत से गिरा प्लास्टर

यह घटना सुपरटेक इको विलेज वन सोसायटी के टावर बी-1 के फ्लैट नंबर 205 में हुई। फ्लैट में वरुण सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजकर 40 मिनट पर कमरे की छत से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। उस समय बेड पर उनका बेटा सो रहा था, जिसके हाथ और पैर में चोट लगी।
छत से अचानक प्लास्टर गिरने से परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत कमरे से बाहर निकल आए। निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में छत से प्लास्टर गिरने की ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इसके बावजूद इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

जिम्मेदारों पर उठे सवाल

निवासियों का कहना है कि समय रहते जर्जर हिस्सों की जांच और मरम्मत कराई जानी चाहिए। उनका सवाल है कि बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बाद भी जिम्मेदार प्रबंधन इसे गंभीरता से क्यों नहीं ले रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी इस पर चुप है। गनीमत रही कि इस बार मामला ज्यादा गंभीर नहीं हुआ, लेकिन अगर प्लास्टर सीधे किसी व्यक्ति पर गिरता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

प्रबंधन से जांच की मांग

वरुण सिंह ने प्रबंधन से फ्लैट की छत की तुरंत तकनीकी जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने की मांग की है। निवासी संजय शर्मा ने बताया कि सोसायटी में हर महीने प्रबंधन को रखरखाव शुल्क दिया जाता है। इसके बावजूद ऐसी लापरवाही बढ़ती जा रही है। उन्होंने चिंता जताई कि प्रबंधन की इस लापरवाही के कारण किसी भी व्यक्ति के साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में बारिश का कहर! महिपालपुर से गुरुग्राम तक जलभराव, सड़कें बनीं तालाब

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »