Drishyam 3 Movie: अजय देवगन की चर्चित 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी को लेकर फैंस के बीच एक बड़ा सवाल है की क्या 'दृश्यम 3' के बाद विजय सलगांवकर की कहानी आगे बढ़ेगी? अब फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने इस सवाल का जवाब दिया है। मलयालम फिल्म से शुरू हुई 'दृश्यम' की कहानी हिंदी दर्शकों के बीच भी काफी लोकप्रिय हुई। अजय देवगन ने विजय सलगांवकर का किरदार निभाकर इस फ्रैंचाइजी को अलग पहचान दी। 'दृश्यम 2' की सफलता के बाद अब तीसरे पार्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ी हुई है। रीमेक नहीं होगी 'दृश्यम 3' अभिषेक पाठक ने बताया कि हिंदी 'दृश्यम 3' मलयालम फिल्म के तीसरे पार्ट का सीधा रीमेक नहीं है। उन्होंने इस कहानी को खुद लिखा है और इसे अपनी अलग दिशा देने की कोशिश की है। डायरेक्टर के मुताबिक, 'दृश्यम 2' के रिलीज होने के बाद ही उन्होंने तीसरे पार्ट को अलग अंदाज में बनाने का फैसला कर लिया था। उनका मानना था कि केवल रीमेक बनाने से फिल्म की रचनात्मक स्वतंत्रता सीमित हो सकती है। इसलिए इस बार कहानी को नए तरीके से तैयार किया गया। चार साल क्यों लगा समय? 'दृश्यम 2' की सफलता के तुरंत बाद तीसरी फिल्म बनाने के बजाय टीम ने करीब चार साल का वक्त लिया। इसमें लगभग दो साल सिर्फ कहानी और स्क्रीनप्ले तैयार करने में लगे। अभिषेक पाठक का कहना है कि यह फ्रैंचाइजी सिर्फ व्यावसायिक सफलता को ध्यान में रखकर आगे नहीं बढ़ाई जा सकती। दर्शकों ने 'दृश्यम' के किरदारों और कहानी से भावनात्मक जुड़ाव बनाया है, इसलिए नए पार्ट के लिए रचनात्मक रूप से मजबूत कहानी जरूरी थी। क्या चौथा पार्ट आएगा? डायरेक्टर के बयान के मुताबिक, हिंदी 'दृश्यम 3' को विजय सलगांवकर और उसके परिवार की कहानी का आखिरी अध्याय माना जा रहा है। यानी फिलहाल चौथे पार्ट की संभावना नजर नहीं आती। 'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में पिछली कास्ट के कई कलाकार नजर आएंगे। वहीं इस बार अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत नए किरदार में दिखाई देंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय सलगांवकर की कहानी जिस मोड़ पर खत्म होगी, क्या वह दर्शकों की उम्मीद से बिल्कुल अलग होगी? ये भी पढ़ें: महाभारत फेम सौरव गुर्जर गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर महिला से यौन शोषण का आरोप