BRICS Summit: राजधानी में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सुरक्षा, ट्रैफिक और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 11 सितंबर को अवकाश घोषित किया है। यह छुट्टी दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों पर लागू होगी। सरकारी कर्मचारियों को राहत गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, उपराज्यपाल ने BRICS सम्मेलन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। 11 सितंबर के बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने के कारण सरकारी कर्मचारियों को लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा। भारत मंडपम में जुटेंगे दुनिया के बड़े नेता भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में करीब 26 राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के शामिल होने की उम्मीद है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत कई प्रमुख नेताओं के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के भी कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। केंद्रीय कार्यालय भी रहेंगे बंद सम्मेलन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों को भी 11 सितंबर को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। ट्रैफिक को लेकर खास प्लान तैयार विदेशी मेहमानों के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 22 वैकल्पिक मार्ग तैयार किए हैं। इसके अलावा 35 से ज्यादा सड़कों को ऐसे स्थानों के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा सकता है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपना रूट तय करें और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करें। होटलों के आसपास भी बढ़ी सुरक्षा विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधिमंडलों के संभावित ठहराव वाले होटलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वीआईपी काफिलों की आवाजाही, रूट सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। BRICS सम्मेलन से पहले राजधानी में बढ़ी सुरक्षा और तीन दिन के अवकाश के फैसले के चलते 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली का यातायात और सामान्य जनजीवन अलग तस्वीर पेश कर सकता है। ये भी पढ़ें: स्वतंत्र भारद्वाज पर बढ़ा शिकंजा! SC-ST एक्ट जुड़ा, 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा, बुलंदशहर पहुंची दिल्ली पुलिस